होली से पहले योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उत्तर प्रदेश के पिछड़ा वर्ग (OBC) छात्रों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। सरकार ने कक्षा 9 और 10 के छात्रों को मिलने वाली छात्रवृत्ति राशि बढ़ा दी है, जिससे प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सरकार के फैसले के अनुसार अब कक्षा 9 और 10 के OBC छात्रों को 2250 रुपए की जगह 3000 रुपए छात्रवृत्ति दी जाएगी। साथ ही छात्रवृत्ति और फी रीइंबर्समेंट के लिए अभिभावकों की वार्षिक आय सीमा 2 लाख रुपए से बढ़ाकर 2.5 लाख रुपए कर दी गई है। इस निर्णय से शैक्षणिक सत्र 2026-27 में करीब 38 लाख छात्रों को फायदा मिलने का अनुमान है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप ने बताया कि सरकार शिक्षा को प्राथमिकता दे रही है। इसके अलावा दिव्यांगजन पेंशन 1000 रुपए से बढ़ाकर 1500 रुपए प्रतिमाह कर दी गई है, जिसके लिए 1400 करोड़ रुपए से अधिक की व्यवस्था की गई है। शादी अनुदान योजना की आय सीमा भी बढ़ाई गई है। सरकार का कहना है कि इन फैसलों से गरीब और पिछड़े वर्ग के छात्रों को पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी।

