उत्तर प्रदेश में बुधवार (13 मई 2026) को बेमौसम भारी बारिश और आँधी-तूफान आया। इससे अब तक 101 लोगों की जानें जा चुकी हैं। वहीं 50 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इस नुकसान देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ितों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा देने का ऐलान किया है।
सीएम योगी ने सभी अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। साथ ही राजस्व, कृषि विभाग और बीमा कंपनी से नुकसान का सर्वे कराकर शासन को भी अवगत कराने के आदेश दिए हैं। सर्वे के बाद आकलन कर पीड़ितों को तुरंत मुआवजा दिया जाएगा।
इसी के साथ सीएम योगी ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर पहुँचकर नुकसान का मुआयना करने के भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार को बारिश और तूफान के संकट से प्रदेश में 101 लोगों की मौत हो गई। इनमें भदोही में 18, प्रयागराज में 21, मिर्जापुर में 15, प्रतापगढ़ में 4, फतेहपुर में 10, बरेली में 4, उन्नाव और बदायूं में 6-6, सीतापुर, रायबरेली और चंदौली में 2-2, कानपुर देहात, हरदोई और संभल में 2-2, कौशांबी और शाहजहांपुर में 1-1, सोनभद्र और लखीमपुर में भी 1-1 की जान गई।

