अखिलेश यादव के आरोप भी निकले फर्जी? चुनाव आयोग ने सपा मुखिया को दिखाया आईना: कहा- 18000 तो छोड़िए… 4000 भी नहीं मिली शिकायतें

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए 2022 विधानसभा चुनाव में वोट कटने के आरोपों को उत्तर प्रदेश चुनाव आयोग ने नकार दिया है। आयोग ने कहा कि अब तक एक भी मतदाता का मूल शपथ पत्र प्राप्त नहीं हुआ है।

अखिलेश यादव ने हाल ही में दावा किया था कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से साजिशन वोट काटे गए। उन्होंने चुनाव आयोग को 18 हजार शपथ पत्र सौंपे जाने की बात कही थी।

इस पर आयोग ने स्पष्ट किया कि केवल 3,919 हलफनामों की स्कैन कॉपियाँ ईमेल के जरिए प्राप्त हुई थीं, जिनमें 33 जिलों के 74 विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। इनमें से पाँच विधानसभा क्षेत्रों की जाँच पूरी हो चुकी है, जबकि 69 क्षेत्रों की जाँच अभी जारी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, चुनाव आयोग ने बताया कि जिन नामों पर शपथ पत्र दाखिल किए गए, उनमें से कई लोग 2022 से पहले ही मर चुके थे। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों ने भी अपने नाम से बने शपथ पत्र की कॉपी देने से इनकार कर दिया है।

आयोग ने कहा कि जाँच पूरी होने के बाद क्षेत्रवार रिपोर्ट सार्वजनिक की जाएगी। वहीं अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर गंभीर सवाल उठाते हुए डिजिटल रसीद को प्रमाण मानने की माँग की है।