स्वामी प्रसाद मौर्य के फिर बिगड़े बोल, ‘जय श्रीराम और जय बजरंगबली’ को बताया दंगा फैलाने का लाइसेंस: साधु-संत बोले- मानसिकता बिगड़ गई है

यूपी के पूर्व मंत्री और अपनी जनता पार्टी के अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर विवादित बयान देकर सियासी हलचल मचा दी है। मौर्य ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंगबली’ जैसे धार्मिक नारे अब दंगा कराने और नफरत फैलाने का लाइसेंस बन चुके हैं। मौर्य ने कहा कि धर्म की दुहाई देने वाले लोग अब आतंकवाद के रास्ते पर चल पड़े हैं।

योगी पर न्यायिक प्रक्रिया कमजोर करने का आरोप

जानकारी के अनुसार, मौर्य ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ऐसी घटनाओं को बढ़ावा दे रहे हैं। मौर्य ने कहा, “ऐसे अपराधियों पर कार्रवाई करने के बजाय सरकार निर्दोष मुस्लिमों के घरों पर बुलडोजर चलवाती है।” मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद कोर्ट की भूमिका निभा रहे हैं और न्याय प्रक्रिया को कमजोर कर रहे हैं, जिससे राज्य में अराजकता फैल रही है। मौर्य ने आरोप लगाया कि दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के घरों पर बुलडोजर चल रहा है, जबकि असली अपराधी सत्ता के संरक्षण में मस्त हैं।

फतेहपुर और अलीगढ़ की घटनाओं का दिया हवाला

पूर्व मंत्री ने फतेहपुर की घटना का जिक्र किया, जहाँ मकबरा तोड़ने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई, लेकिन मुस्लिमों के खिलाफ केस दर्ज किया गया। उन्होंने अलीगढ़ पुलिस को धन्यवाद दिया, जिसने ‘आई लव मोहम्मद’ लिखकर दंगा भड़काने की कोशिश करने वाले चार हिंदू युवकों की साजिश का पर्दाफाश किया।

मौर्य ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान का उल्लंघन कर रही है और नस्लीय कट्टरपंथी ही लीडरशिप को कंट्रोल कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि 3 नवंबर 2025 को दलितों पर अत्याचार और अराजकता के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

वृंदावन के संतों ने स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की माँग की

मथुरा के वृंदावन में साधु-संतों ने स्वामी प्रसाद मौर्य के हालिया बयान पर कड़ी नाराजगी जताई है। संत दिनेश शर्मा ने कहा कि मौर्य की मानसिकता इतनी खराब हो चुकी है कि वह सनातन धर्म के नारों को भी विवादित बताकर वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं।

संतों ने आरोप लगाया कि मौर्य लगातार सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं और उनके इस्लाम समर्थक बयानों को देखकर अब मुस्लिम समाज भी विवादित बयान देना शुरू कर देगा। संतों ने सरकार से मांग की कि वह तुरंत मौर्य के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।