उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में एक निजी स्कूल की शिक्षिका ने सीलबंद पानी की बोतल से दो घूँट पीते ही अचानक तबीयत बिगड़ने की शिकायत की। आरोप है कि बोतल में पानी की जगह तेजाब जैसा खतरनाक रसायन भरा हुआ था।
शिक्षिका की हालत गंभीर होने पर उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल और फिर मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही है।
खरीदारी के दौरान मँगवाई गई थी पानी की बोतल, पीते ही होने लगी उल्टियाँ
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अर्जुन नगर में रहने वाली रिया अपनी माँ अंजना राघव के साथ एक सर्राफा दुकान पर जेवर खरीदने गई थीं। प्यास लगने पर उन्होंने पानी माँगा, जिसके बाद दुकान के मालिक ने पास की एक जनरल स्टोर से ठंडी और सीलबंद पानी की बोतल मँगवाई।
आरोप है कि रिया ने जैसे ही बोतल से दो घूँट पीये, उनके गले में तेज जलन शुरू हो गई और उन्हें उल्टियाँ होने लगीं। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि उनकी आँतों में भी गंभीर नुकसान हुआ है और उन्हें खून की उल्टियाँ हो रही हैं।
यूपी के मेरठ में बहुत ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है!
— Rebellious 2.0🕊️ (@RebelliousPari8) July 11, 2026
ज्वेलरी खरीदने गई युवती को प्यास लगी, तो कारोबारी ने नौकर से पास की कन्फैक्शनरी से बिसलेरी बोतल मंगाई!
नौकर डीप फ्रीजर में रखी बोतल लेकर आया
तेज प्यास में उसने बोतल खोली और उसे पी लिया और उसे पीते ही झटपटाते हुए… pic.twitter.com/DghF8uyuZ0
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें रिया बोतल खोलकर पानी पीती दिखाई देती हैं और कुछ ही सेकंड बाद बेचैन होकर वहाँ से हट जाती हैं। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों को बोतल में मौजूद तरल पदार्थ पर शक हुआ।
बोतल में तेजाब होने का आरोप, पुलिस कर रही जाँच
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब बोतल में मौजूद तरल पदार्थ को जमीन पर डाला गया तो उसमें से तेजाब जैसी तेज गंध आने लगी और झाग बनने लगा। फर्श पर भी रसायन का असर दिखाई देने की बात कही गई। वहीं जनरल स्टोर मालिक ने दावा किया कि उन्होंने फ्रीजर से सीलबंद बोतल निकालकर दी थी और उनकी दुकान पर तेजाब की बिक्री नहीं होती।
हालाँकि कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि गलती से पानी के ब्रांड वाली बोतल में तेजाब भरकर फ्रिज में रख दिया गया था, जिससे यह हादसा हुआ। फिलहाल पुलिस सर्राफ, जनरल स्टोर मालिक और बोतल लाने वाले किशोर से पूछताछ कर रही है।
संदिग्ध तरल पदार्थ को जाँच के लिए भेजा जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बोतल में वास्तव में क्या था और इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार कौन है। पुलिस का कहना है कि जाँच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

