मंगलसूत्र लूटकर भागे एहतिशाम के पैर में पुलिस ने मारी गोली, साथी रियान भी गिरफ्तार: पीड़िता बोली- थैंक्यू UP पुलिस

उत्तर प्रदेश के कानपुर में महिला सिविल डिफेंस कर्मी से मंगलसूत्र लूटने वाले दो बदमाश एहतिशाम और रियान को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में बदमाश एहतिशाम को पैर में गोली लगी है, उसे अस्पताल में इलाज के लिए भेजा है। पीड़ित महिला ने पुलिस को थैंक्यू कहा है।

दरअसल, 21 मार्च 2026 को चकेरी थाना क्षेत्र में दोनों बदमाशों ने एक समय पर दो महिलाओं से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। एक महिला से मंगलसूत्र और दूसरी महिला से पर्स छीनकर फरार हो गए थे। मंगलसूत्र गँवाने वाली महिला डिफेंस कर्मी ने शोर मचाया और तुरंत 112 डायल कर लूट की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।

इसके बाद पीड़ित महिला ने थाने में लूट का मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद मंगलवार (24 मार्च 2026) रात 11.30 बजे चकेरी पुलिस को सूचना मिली को अलखनंदा रेलवे ओवरब्रिज के पास दो बाइक सवार युवक लूट की फिराक में है। पुलिस नें दोनों की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने फायरिंग की।

फिर जब पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, तो बाइक के पीछे बैठे बदमाश को पैर में गोली लग गई। इससे बाइक का बैलेंस बिगड़ा और दोनों बाइक सवार फिसलकर गिर गए। पुलिस ने दोनों बदमाशों को पकड़ा। दोनों के पास से लूटा हुआ मंगलसूत्र, एक तमंचा, दो खोखे कारतूस समेत एक बाइक बरामद की है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद पीड़िता महिला डिफेंस कर्मी अनीता श्रीवास्तव को मौके पर बुलाकर बदमाशों की शिनाख्त की गई। तब अनीता ने पुलिस से कहा, “सर मेहनत की कमाई छीन ली थी, अब सबक मिला है, बहुत-बहुत धन्यवाद…।”