PUB-G खेलने से 300 पहुँचा BP, दिमाग की फटी नस और मौत: रात भर मोबाइल चलाने वाले कैफ का ये हुआ हाल, मेरठ का मामला

उत्तर प्रदेश के मेरठ में PUB-G (पबजी) मोबाइल गेम की लत के चलते 22 साल के मोहम्मद कैफ की मौत हो गई। अब्बा फारूक ने बताया कि वह रात-रात भर गेम खेलता था और सोशल मीडिया पर रील बनाता था। इससे कैफ के दिमाग की नस फट गई। अस्पताल लेकर पहुँचे तो डॉक्टर ने ब्रेन हैमरेज बताया। इलाज के दौरान कैफ की मौत हो गई।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 05 फरवरी 2026 को हर रोज की तरह कैफ कान में हेडफोन लगाकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे नजदीकी अस्पताल में ले गए, जहाँ उसकी हालत गंभीर होने के चलते दिल्ली रेफर कर दिया गया।

डॉक्टर ने बताया कि हाई ब्लड प्रेशर के चलते कैफ की दिमाग की नस फट गई थी। उसका बीपी 300 से भी ऊपर था। अब्बा ने बताया कि वह लंबे समय से हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहा था। करीब 10 साल पहले भी बीपी बढ़ने की शिकायत हुई और उसका इलाज चल रहा था। वह दवाई खाने में लापरवाही करता था।