उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक हिंदू युवती आकांक्षा की मुस्लिम युवक शाहवाज राणा उर्फ साहिल से शादी होने जा रही है। युवती के चाचा ने मुस्लिम युवक पर धर्म परिवर्तन और लव जिहाद के आरोप लगाते हुए गंगानगर थाने में FIR दर्ज कराई है। हिंदूवादी संगठन ने भी शादी का विरोध किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गंगानगर निवासी आकांक्षा बैंक में काम करती है। उसका पिछले 6 साल से लिसाड़ी गेट के रहने वाले शाहवाज से अफेयर चल रहा है। दोनों की 13 फरवरी 2026 को शादी होनी है। दोनों के घरवाले इस शादी के लिए राजी है। कार्ड भी छप चुके हैं। लड़कीवालों के कार्ड में लड़के का नाम साहिल लिखा गया है, वहीं लड़केवालों ने कार्ड में शाहवाज नाम लिखा है।
युवती ने कहा कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी कर रही है। युवती ने कहा कि वह सनातनी नहीं, अंबेडकरवादी है। वह बौद्ध धर्म अपना चुकी है और उसी रीति-रिवाज से शादी होगी। वहीं युवती के चाचा ने बताया कि युवती के पिता ने नहीं है। चाचा ने बताया कि युवती को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन के जाल में फँसाया जा रहा है। यह भी कहा कि युवती का ब्रेनवॉश किया गया है।
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने कहा कि युवती और उसका परिवार सनातनी है, वे झूठ बोल रहे हैं। 09 फरवरी 2026 को ही उनके घर में जागरण हुआ है। सचिन सिरोही ने घऱ में जागरण का एक वीडियो भी पुलिस को दिया है।
पुलिस ने कहा कि धर्म परिवर्तन का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जाँच की जा रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी है, पुलिस हालात पर नजर रखे हुए है।

