उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में गुरुवार (9 अक्टूबर 2025) तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस ने प्रदेश के मोस्ट वॉन्टेड अपराधियों में शामिल एक लाख रुपए के इनामी डकैत इफ्तेखार अली उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान को ढेर कर दिया। यह कार्रवाई SSP अनुराग आर्य के नेतृत्व में SOG और तीन थानों की संयुक्त टीम ने नैनीताल रोड स्थित बिलवा पुल के पास की।
मुठभेड़ के दौरान SOG के हेड कॉन्स्टेबल राहुल गोली लगने से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में इलाके में सघन कांबिंग ऑपरेशन जारी है।
पुलिस के अनुसार, मारा गया बदमाश इफ्तेखार सात जिलों में वांछित था और उसके खिलाफ 19 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें हत्या और डकैती जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। वह लगातार नाम और पते बदलकर पुलिस और खुफिया एजेंसियों को चकमा देता रहा। मूल रूप से कासगंज निवासी इफ्तेखार 2006 में फरीदपुर के पचौमी मंदिर के पुजारी की हत्या और डकैती में शामिल था।
2012 में वह बाराबंकी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था, जिसके बाद उसका इनाम बढ़ाकर एक लाख रुपए कर दिया गया। गुरुवार सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया तो इफ्तेखार ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
मौके से 32 बोर पिस्टल, दो मैगजीन, 17 जिंदा कारतूस, 28 हजार नकद और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि आरोपी ने सरेंडर करने के बजाय फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की।

