सहायता सामग्री के लिए ईरान से भारत आने की तैयारी कर रहा था सिविलियन प्लेन, अमेरिका ने एयरपोर्ट पर ही मार गिराया: महान एयरलाइंस का था विमान

ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के बीच शांति वार्ता की चर्चा भले ही तेज हो रही हो, लेकिन जमीनी हालात अब भी बेहद गंभीर बने हुए हैं। ताजा घटनाक्रम में संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा किए गए हवाई हमले में ईरान के एक नागरिक विमान को नुकसान पहुँचने की खबर सामने आई है। यह विमान जल्द ही दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाला था।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह हमला मशहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर किया गया, जहाँ उस समय कई उड़ानों की तैयारियाँ चल रही थीं। इसी दौरान महान एयर का एक विमान भी एयरस्ट्राइक की चपेट में आ गया। प्रभावित विमान का इस्तेमाल मानवीय सहायता मिशन के तहत किया जाना था।

योजना के मुताबिक यह विमान भारत से युद्ध प्रभावित लोगों के लिए दवाइयों और जरूरी राहत सामग्री लेकर वापस ईरान लौटने वाला था। शुरुआती जानकारी में कहा गया है कि इस मिशन के तहत 11 टन से अधिक चिकित्सा सहायता सामग्री लाई जानी थी।

हालाँकि हमले में हुए नुकसान की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है, लेकिन नागरिक विमान को निशाना बनने की खबर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को कम करने के लिए कूटनीतिक स्तर पर बातचीत की कोशिशें जारी हैं, लेकिन लगातार हो रहे हमले शांति की राह को मुश्किल बनाते नजर आ रहे हैं।