कैलिफोर्निया में उड़ान भरते ही क्रैश हुआ अमेरिकी वायुसेना का B-52 बॉम्बर विमान, 8 क्रू मेंबर्स की मौत

अमेरिका के कैलिफोर्निया में सोमवार (15 जून) सुबह एक बड़ा विमान हादसा हो गया। एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस से उड़ान भरते ही अमेरिकी वायुसेना का B-52 बॉम्बर विमान क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में चालक दल के सभी 8 सदस्यों की मौत हो गई है।

मरने वालों में सैन्य अधिकारी, सरकारी नागरिक और ठेकेदार शामिल थे। साल 1982 के बाद से B-52 विमान से जुड़ा यह अब तक का सबसे घातक हादसा है। अधिकारियों के मुताबिक यह विमान एक नियमित टेस्ट मिशन पर था।

विमान ने सुबह 11:20 बजे उड़ान भरी थी। वायुसेना के कर्नल जेम्स हेस ने बताया कि हादसा बेहद भयानक था। इसमें किसी का भी बचना नामुमकिन था। क्रैश होते ही आसमान में काले धुएँ का गुबार छा गया। इस विमान को बनाने वाली कंपनी बोइंग ने बताया कि उनके दो कर्मचारी भी इस उड़ान में शामिल थे।

यह विमान रडार आधुनिकीकरण कार्यक्रम के तहत टेस्टिंग कर रहा था। फिलहाल एयर बेस को दोबारा खोल दिया गया है। सैन्य अधिकारियों ने हादसे की जाँच शुरू कर दी है। हालाँकि इसकी पूरी रिपोर्ट आने में करीब 6 महीने का समय लगेगा। अमेरिकी वायुसेना में B-52 एक बेहद पुराना और भारी बॉम्बर विमान है।