अमेरिका में UFO (अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट) और एलियन को लेकर एक चौंकाने वाला दावा सामने आया है। CIA से जुड़े रहे और रिसर्चर हॉल पुथॉफ ने दावा किया है कि अमेरिका ने कथित तौर पर क्रैश हुए UFO से चार अलग-अलग प्रकार की बाहरी जीवन प्रजातियों यानी एलियन के अवशेष हासिल किए हैं।
यह बयान उन्होंने ‘द डायरी ऑफ ए सीईओ’ पॉडकास्ट में फिल्म डायरेक्टर डैन फराह के साथ बातचीत के दौरान दिया। हालाँकि उन्होंने यह भी कहा कि उनके पास इसका कोई प्रत्यक्ष प्रमाण नहीं है बल्कि यह जानकारी उन लोगों से मिली है जो ऐसे रिकवरी प्रोग्राम्स से जुड़े होने का दावा करते हैं।
चार एलियन प्रजातियों और दावों की पूरी जानकारी
पुथॉफ के लंबे समय के सहयोगी और पूर्व AAWSAP वैज्ञानिक डॉ एरिक डेविस के अनुसार, इन कथित UFO मलबों से चार प्रकार की एलियन प्रजातियों का जिक्र किया गया है। इन प्राजातियों को ग्रे, नॉर्डिक्स, इन्सेक्टॉइड्स और रेप्टिलियन्स बताया गया है।
ग्रे प्रजाति को छोटे, बड़े आंखों वाले और बिना बालों वाले जीवों के रूप में बताया गया है, जिन्हें फिल्मों में भी अक्सर दिखाया जाता है। नॉर्डिक्स को इंसानों जैसे दिखने वाले प्राणी बताया गया है, जो लगभग 6 फीट लंबे होते हैं और उत्तरी यूरोप के लोगों से मिलते-जुलते दिखाई देते हैं।
वहीं रेप्टिलियन्स को छिपकली जैसे स्केल वाले शरीर, लंबी पूंछ और मानव जैसे अंगों वाला बताया गया है। इन्सेक्टॉइड्स को कीड़ों जैसे जीव कहा गया है, जिन्हें कभी-कभी ‘प्रेइंग मैन्टिस’ जैसे आकार से जोड़ा जाता है।
इसके अलावा, पूर्व अमेरिकी वायुसेना खुफिया अधिकारी डेविड ग्रश ने 2023 में अमेरिकी कॉन्ग्रेस के सामने दावा किया था कि अमेरिका के पास नॉन-ह्यूमन बायोलॉजिक्स मौजूद हैं, जो UFO क्रैश से मिले हैं। ये सभी दावे अभी तक सार्वजनिक रूप से स्वतंत्र रूप से साबित नहीं हुए हैं और कई विशेषज्ञ इन्हें अपुष्ट जानकारी मानते हैं।

