डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर AI कंपनी को किया बैन, Anthropic की तकनीकी के इस्तेमाल पर ही लगा दी रोक: कहा- हमें इसकी जरूरत नहीं

अमेरिका में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के सैन्य इस्तेमाल को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार (27 फरवरी 2026) को सभी अमेरिकी सरकारी एजेंसियों को आदेश दिया कि वे AI कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) की तकनीक का तुरंत इस्तेमाल बंद करें।

यह फैसला तब आया जब एंथ्रोपिक ने पेंटागन की उस माँग को ठुकरा दिया, जिसमें उसकी ‘क्लॉड’ (Cloud) AI मॉडल्स के बिना शर्त सैन्य उपयोग की अनुमति माँगी गई थी। कंपनी का कहना है कि उसकी तकनीक का इस्तेमाल अमेरिकी नागरिकों की सामूहिक निगरानी या पूरी तरह स्वायत्त हथियार प्रणालियों में नहीं होना चाहिए।

ट्रंप का सख्त आदेश और चेतावनी

राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कड़े शब्दों में कहा, “मैं संयुक्त राज्य सरकार की हर संघीय एजेंसी को निर्देश देता हूँ कि वे एंथ्रोपिक की तकनीक का इस्तेमाल तुरंत बंद करें। हमें इसकी जरूरत नहीं है, हम इसे नहीं चाहते और भविष्य में इसके साथ कोई कारोबार नहीं करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “रक्षा विभाग जैसी एजेंसियों के लिए छह महीने की चरणबद्ध समाप्ति अवधि होगी, जो एंथ्रोपिक के उत्पादों का अलग-अलग स्तर पर उपयोग कर रही हैं। एंथ्रोपिक को इस दौरान सहयोग करना होगा, वरना मैं राष्ट्रपति पद की पूरी शक्ति का इस्तेमाल करूँगा, जिसके गंभीर नागरिक और आपराधिक परिणाम होंगे।”

पेंटागन ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि कंपनी निर्धारित समय सीमा तक उनकी माँग नहीं मानती, तो उसके खिलाफ डिफेंस प्रोडक्शन एक्ट के तहत कार्रवाई की जा सकती है, जो सरकार को राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर निजी कंपनियों को निर्देश देने की व्यापक शक्तियाँ देता है।

एंथ्रोपिक का अडिग रुख और उद्योग का समर्थन

एंथ्रोपिक के CEO डारियो अमोदेई ने साफ कहा कि ये धमकियाँ भी उनके रुख को नहीं बदलेंगी। उनके मुताबिक, “हम अच्छे विवेक के साथ ऐसी माँग को स्वीकार नहीं कर सकते, जो हमारी नैतिक सीमाओं के खिलाफ हो।” इस विवाद में पूरे AI उद्योग से एंथ्रोपिक को समर्थन मिला है।

गूगल डीपमाइंड और ओपन AI के सैकड़ों कर्मचारियों ने ‘वी विल नॉट बी डिवाइडेड’ (We Will Not Be Divided) शीर्षक से खुले पत्र में सरकार की माँगों का विरोध किया। पत्र में कहा गया कि AI का इस्तेमाल न तो घरेलू स्तर पर सामूहिक निगरानी के लिए होना चाहिए और न ही बिना मानवीय निगरानी के घातक हथियारों के संचालन में।

Open AI और वॉशिंगटन में बढ़ती चिंता

ओपन AI के CEO सैम ऑल्टमैन ने भी कर्मचारियों को भेजे संदेश में कहा कि वे पेंटागन के साथ ऐसे समझौते की कोशिश कर रहे हैं, जिसमें स्पष्ट ‘रेड लाइन्स’ तय हों। उन्होंने लिखा, “हम लंबे समय से मानते आए हैं कि AI का उपयोग सामूहिक निगरानी या स्वायत्त घातक हथियारों में नहीं होना चाहिए और उच्च जोखिम वाले फैसलों में इंसानों की भूमिका बनी रहनी चाहिए।”

वॉशिंगटन में उद्योग प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि यह टकराव पूरे AI सेक्टर को नुकसान पहुँचा सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि सैन्य AI से जुड़े फैसले खुले विमर्श और स्पष्ट कानून के तहत होने चाहिए, न कि कंपनियों और सरकार के बीच टकराव के जरिए।