हॉर्मुज स्ट्रेट को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि “हमने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने के लिए मजबूर करके एक कदम पीछे हटने पर मजबूर किया।”
इस बीच ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई का एक बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि इस युद्ध के खत्म होने के लिए जो भी समझौता होगा, उसमें लेबनान पर हो रहे इजरायली आक्रमण को खत्म करने पर भी समझौता होना चाहिए। उन्होने ये भी कहा है कि हिज्बुल्लाह के आतंकियों का वे समर्थन जारी रखेंगे क्योंकि ईरान मानता है कि हिज्बुल्लाह के आतंकियों की रक्षा करना, उनकी रणनीतिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि जिहाद और प्रतिरोध के अलावा आगे बढ़ने का कोई दूसरा रास्ता नहीं है। उन्होंने दावा किया कि लगातार प्रतिरोध के बाद उनकी जीत होगी, क्योंकि वे सच के लिए लड़ रहे हैं।
खामेनेई के समर्थन पर हिज्बुल्लाह ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। हिज्बुल्लाह के महासचिव शेख नईम कासिम ने सोशल मीडिया पर मोजतबा खामेनेई की तारीफ करते हुए कहा कि हिज्बुल्लाह के धैर्य, कुर्बानी और गरिमा की तारीफ करने के लिए शुक्रिया। संगठन इजरायल के खिलाफ चट्टान की तरह खड़ा रहेगा।
इस बीच ईरान युद्ध में मारे गए 4 अमेरिकी सैनिकों को युद्ध में मारे गए सैनिकों की सूची से हटा दिया गया है और उन्हें अलग श्रेणी में रखा गया है। एपी की रिपोर्ट के अनुसार, अब ‘विदेशी अभियान’ नाम से नई श्रेणी बनाई गई है जिसमें चार मारे गए सैनिकों के नाम और 207 घायल सैनिकों के नाम रखे गए हैं। हालाँकि यह अभी भी तय नहीं है कि घायल सैनिक सिर्फ ईरान युद्ध में घायल हुए हैं या नहीं।

