अमेरिका और नाइजीरिया की सेना ने एक बड़े और खुफिया ऑपरेशन में आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (ISIS) के दूसरे सबसे बड़े कमांडर अबू-बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद सोशल मीडिया पर इस कामयाबी का ऐलान किया।
आतंकी अबू-बिलाल अल-मिनुकी को ISIS का सबसे एक्टिव आतंकी और पैसों का मास्टरमाइंड माना जाता था। उसकी मौत से अब आतंकी संगठन को बहुत बड़ा झटका लगा है। ट्रंप ने बताया कि यह मिशन बेहद पेचीदा और खुफिया था।

अमेरिकी सेना को अफ्रीका में मिनुकी के छिपे होने की पक्की जानकारी मिली थी। इसके बाद अमेरिकी और नाइजीरियाई जांबाजों ने मिलकर इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। ट्रंप ने इस कामयाबी के लिए नाइजीरिया सरकार का शुक्रिया भी अदा किया है।
क्यों खतरनाक था अल-मिनुकी?
अबू-बिलाल अल-मिनुकी नाइजीरिया का रहने वाला था। वह ISIS के लिए पैसे जुटाने और अंतरराष्ट्रीय फंडिंग का काम देखता था। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, वह अमेरिका और उसके नागरिकों पर बड़े हमलों की साजिश रच रहा था। साल 2023 में अमेरिका ने उसे वैश्विक आतंकी घोषित किया था।
जानकारों का मानना है कि आतंकी अबू-बिलाल अल-मिनुकी के खात्मे से अफ्रीका और पूरी दुनिया में ISIS की कमर टूट जाएगी। हालाँकि, अभी तक आतंकी संगठन की तरफ से इस पर कोई बयान नहीं आया है। इससे पहले भी अमेरिकी सेना ने सीरिया और नाइजीरिया में आतंकियों के ठिकानों पर हवाई हमले किए थे।

