‘BBC का खेल खत्म’: ट्रंप ने झूठे फुटेज दिखाने पर ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर पर ठोका ₹8300 करोड़ का मानहानि केस, बोले- अब माफी नहीं, मुकदमा चलेगा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने 6 जनवरी 2021 के भाषण के एडिट किए गए फुटेज दिखाने को लेकर ब्रिटिश ब्रॉडकास्टर बीबीसी (BBC) पर 10 अरब डॉलर (करीब ₹8300 करोड़) का मानहानि मुकदमा ठोक दिया है। ट्रंप का आरोप है कि BBC ने जानबूझकर उनके भाषण के हिस्सों को काटकर ऐसे दिखाया, जिससे लगा कि उन्होंने कैपिटल हिल में हिंसा भड़काई थी।

हालाँकि, BBC ने गलती मानते हुए माफी माँगी और कहा है कि वह यह डॉक्यूमेंट्री दोबारा नहीं दिखाएगा, लेकिन हर्जाना देने से इनकार कर दिया है। यह मुकदमा तब हुआ है जब इसी विवाद के चलते बीबीसी के दो सबसे सीनियर अधिकारियों ने इस्तीफा दे दिया था।

₹8300 करोड़ का मुकदमा: ट्रंप ने BBC को घेरा

ट्रंप ने सोमवार (15 दिसंबर 2025) को मियामी की संघीय अदालत में BBC के खिलाफ मुकदमा दायर किया। ट्रंप ने आरोप लगाया कि बीबीसी ने ‘पैनोरमा’ डॉक्यूमेंट्री में उनके ‘शांतिपूर्ण विरोध’ के आह्वान वाले हिस्से को हटाकर सिर्फ ‘कैपिटल तक मार्च’ और ‘पूरी ताकत से लड़ो’ वाले हिस्सों को जोड़ दिया, जिससे यह गलत छाप पड़ी कि उन्होंने हिंसा के लिए सीधे उकसाया।

ट्रंप ने कहा कि BBC ने भले ही माफी माँगी हो, लेकिन उसने अपने किए पर कोई वास्तविक पछतावा नहीं दिखाया है और न ही भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने के लिए कोई बदलाव किया है।

गलती मानी, पर हर्जाना नहीं दिया

विवाद बढ़ने के बाद BBC ने अपनी गलती मानी, माफी माँगी, और स्वीकार किया कि एडिटिंग से यह गलतफहमी पैदा हुई कि ट्रंप ने हिंसा का सीधा आह्वान किया था। बीबीसी ने कहा कि वह यह डॉक्यूमेंट्री दोबारा प्रसारित नहीं करेगा। लेकिन, ब्रॉडकास्टर ने इस बात पर जोर दिया है कि मुकदमा करने का कोई कानूनी आधार नहीं है और उसने हर्जाना देने से साफ इनकार कर दिया है।

इसी विवाद में दो बड़े इस्तीफे

BBC के लिए यह मामला एक बड़े संकट के बीच आया है। इसी विवाद के चलते बीबीसी के डायरेक्टर जनरल टिम डेवी और न्यूज सीईओ डेबोरा टर्नेस को अपने पदों से इस्तीफा देना पड़ा था। इससे पहले, ट्रंप ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि BBC के ‘बेईमान लोगों’ ने चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की थी। यह विवाद 2024 में प्रसारित ‘ट्रंप: ए सेकेंड चांस?’ नाम की डॉक्यूमेंट्री से शुरू हुआ था।