‘ईरान के साथ जो करे व्यापार उस पर तुरंत लगाओ 25% टैरिफ’ : राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर दी दुनिया को धमकी, कहा- ये आखिरी आदेश है

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ व्यापार करने वाले देशों पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इसका असर भारत, चीन, संयुक्त अरब अमीरात और तुर्की जैसे देशों पर पड़ सकता है, जिनका ईरान के साथ व्यापार होता है।

राष्ट्रपति ट्रंप ने ये कदम ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों पर हुई कार्रवाई के विरोध में उठाया है। इस हिंसक प्रदर्शन में कम से कम 648 लोग मारे जा चुके हैं और हजारों घायल हैं। इसके अलावा हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर लिखा, “तत्काल प्रभाव से इस्लामी गणराज्य ईरान के साथ व्यापार करने वाला किसी भी देश पर संयुक्त राज्य अमेरिका 25% टैरिफ देगा। यह आदेश अंतिम और निर्णायक है।”

अमेरिका इस वक्त ईरान पर सैन्य कार्रवाई पर विचार कर रहा है। इसके अलावा ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से ईरान बात कर सकता है। अमेरिका के मुताबिक, ईरान सरकार निजी तौर पर कुछ और कहता है और सार्वजनिक तौर पर दूसरा बयान देता है।

ईरान के साथ सबसे ज्यादा व्यापार इस वक्त चीन है। तेहरान में मौजूद भारतीय दूतावास के मुताबिक, भारत ने 2024-25 में ईरान को 1.24 अरब डॉलर यानी लगभग ₹10,292 करोड़ का सामान निर्यात किया, जबकि 0.44 अरब डॉलर यानी ₹3,652 करोड़ का आयात किया। कुल व्यापार 1.68 अरब डॉलर यानी करीब ₹ 15000 करोड़ का हुआ।