पहले पूछा धर्म, फिर किया चाकू से वार: अमेरिका में ईसाई शख्स और उसके कुत्ते पर जानलेवा हमला, मुठभेड़ में ढेर हमलावर

अमेरिका के वॉशिंगटन से एक विचलित करने वाली खबर सामने आई है, जहाँ धर्म के नाम पर एक निर्दोष व्यक्ति और उसके बेजुबान जानवर को निशाना बनाया गया। पियर्स काउंटी के पार्कलैंड इलाके में मंगलवार (27 जनवरी 2026) की सुबह एक अज्ञात हमलावर ने एक ईसाई व्यक्ति और उसके पालतू कुत्ते पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, हालाँकि पुलिस की त्वरित कार्रवाई में आरोपित को मुठभेड़ के बाद ढेर कर दिया गया है।

धर्म के नाम पर नफरत और खूनी संघर्ष

घटना सुबह करीब 6:30 बजे ‘एस एस क्विकस्टॉप ग्रोसर’ के पास हुई। 54 वर्षीय पीड़ित एडी निट्शके अपने कुत्ते के साथ स्टोर के पास मौजूद थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और उनका धर्म पूछा। निट्शके ने जैसे ही खुद को ईसाई बताया, आरोपित ने बिना किसी चेतावनी के उन पर और उनके कुत्ते पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए।

हमले के बाद लहूलुहान हालत में निट्शके ने 911 पर कॉल कर मदद माँगी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुँचाया, जहाँ कुत्ते की इमरजेंसी सर्जरी करनी पड़ी।

पुलिस एनकाउंटर में आरोपित का अंत

हमले को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने हुलिए के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब दो घंटे बाद उसे एक घर के पीछे छिपा हुआ पाया गया। जब अधिकारियों ने उसे सरेंडर करने को कहा, तो उसने हाथ में कई चाकू लेकर पुलिस टीम पर हमला करने की कोशिश की।

आत्मरक्षा में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपित घायल हो गया और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने अभी हमलावर की पहचान गुप्त रखी है और मामले की गहराई से जाँच कर रही है।

जाँच में चौंकाने वाले खुलासे

अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़ित एडी निट्शके के बारे में एक और दुखद जानकारी मिली। डॉक्टरों ने बताया कि वे फेफड़ों के कैंसर से जूझ रहे हैं और उनके शरीर में ब्लड क्लॉट भी पाया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, निट्शके अपनी गर्लफ्रेंड और कुत्तों के साथ अपनी कार में ही रहते हैं। फिलहाल, सर्जरी के बाद कुत्ता पूरी तरह स्वस्थ है और निट्शके को भी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। पियर्स काउंटी शेरिफ ऑफिस इसे ‘हेट क्राइम’ के एंगल से देख रहा है।