उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के नानौता कस्बे में अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस थाने पहुँचकर नाबालिग लड़कियों की उम्र बदलने की शिकायत दर्ज कराई है।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार (22 नवंबर 2025) की शाम पुलिस को सौंपे गए पत्र में संगठनों ने आरोप लगाया कि नगर के कुछ जनसेवा केंद्रों पर हिंदू समुदाय की नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में जन्मतिथि बढ़ाई जा रही है। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, उम्र बढ़ाने का उद्देश्य लड़कियों को प्रेम जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन कराना हो सकता है, इसलिए मामले की तत्काल जाँच जरूरी है।
शिकायत में यह भी कहा गया कि कस्बे में बड़ी संख्या में अवैध कैफे चलाए जा रहे हैं, जहाँ नाबालिग लड़कियों को बेझिझक प्रवेश दिया जा रहा है। संगठनों का कहना है कि ऐसे कैफे संभावित आपराधिक गतिविधियों का केंद्र बन सकते हैं और इन पर कार्रवाई की जरूरत है।
इसके अलावा, कार्यकर्ताओं ने नगर में सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश के घायल या मृत पाए जाने की लगातार बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने प्रशासन से इन तीनों मुद्दों पर ठोस कार्रवाई की माँग की है।

