उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक प्राइवेट स्कूल के वायरल वीडियो ने सियासी बवाल मचा दिया है। मामला सपा के कद्दावर नेता और MLC गुड्डू जमाली के ‘आजमगढ़ पब्लिक स्कूल’ का है। यहाँ CBSE बोर्ड की पढ़ाई के बजाय छोटे बच्चों को ‘अल्लाह’ और ‘मुसलमान’ की मजहबी ट्रेनिंग दी जा रही है। वीडियो सामने आते ही जिलाधिकारी ने तीन सदस्यों की टीम बनाकर जाँच बैठा दी है, वहीं भाजपा ने इसे सपा की कट्टरपंथी राजनीति का हिस्सा बताया है।
वीडियो में क्या है?
वायरल वीडियो में एक क्लासरूम का नजारा है, जहाँ टीचर नर्सरी और एलकेजी के 5-6 साल के मासूमों से पूछती है, “तुम कौन हो?” बच्चे एक सुर में चिल्लाते हैं, “मुसलमान”। इसके बाद सवाल होता है कि चाँद-सितारे किसने बनाए, तो जवाब मिलता है ‘अल्लाह’। टीचर बच्चों को नबी और कुरान से जुड़ी बातें भी रटाती दिख रही हैं। यह सब एक ऐसे स्कूल में हो रहा है जहाँ की फीस इंग्लिश मीडियम कॉन्वेंट के नाम पर ली जाती है।
ये "मदरसा" नहीं! आजमगढ़ पब्लिक स्कूल है, CBSC बोर्ड द्वारा संचालित है… यूपी में ऐसा?
— Sudhir Mishra 🇮🇳 (@Sudhir_mish) January 10, 2026
टीचर :- तुम कौन हो??
मासूम बच्चे :- मुसलमान..
टीचर :- हमारा मजहब क्या है??
मासूम बच्चे :- इस्लाम..
टीचर :- हमें रोजी कौन देता है??
मासूम बच्चे :- अल्लाह ताला..
टीचर :- जमीन आसमान चांद सूरज… pic.twitter.com/6J0gox3S3h
मैनेजमेंट की सफाई और सरकारी एक्शन
जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर फैला, स्कूल के प्रबंधक मोहम्मद नोमान बचाव की मुद्रा में आ गए। उन्होंने कहा कि यह वीडियो 20 दिन पुराना है और स्कूल में उर्दू-संस्कृत दोनों पढ़ाई जाती है। हालाँकि, विवाद बढ़ता देख उन्होंने संबंधित टीचर को नोटिस जारी कर दिया है। इधर, प्रशासन सख्त है, BSA ने साफ कर दिया है कि अगर CBSE नियमों का उल्लंघन पाया गया, तो स्कूल पर कड़ी कार्रवाई होगी।
भाजपा का सपा पर बड़ा हमला
बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने तीखा हमला करते हुए कहा कि सपा नेता ‘पीडीए पाठशाला’ के नाम पर पहले जाति का जहर घोल रहे थे और अब प्राइवेट स्कूलों को मजहबी तालीम का अड्डा बना रहे हैं। फिलहाल इस पूरे विवाद पर गुड्डू जमाली या समाजवादी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक सफाई नहीं आई है।

