बरेली में खाली मकान को बना दिया मदरसा, लगातार पढ़ी जा रही सामूहिक नमाज: UP पुलिस ने 12 लोगों को किया गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बिशारतगंज थाना क्षेत्र के एक गाँव में खाली पड़े मकान में नियमित रूप से सामूहिक नमाज पढ़े जाने का मामला सामने आया है। मोहम्मदगंज गाँव के कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक निजी मकान को अस्थायी तौर पर मदरसे की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है और कई जुम्मों से वहाँ नमाज अदा की जा रही है।

ग्रामीणों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गाँव में दबिश दी। मौके पर पुलिस ने देखा कि खाली मकान के अंदर कई लोग एकत्र होकर नमाज पढ़ रहे थे। पुलिस के पहुँचते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान 12 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया जबकि तीन अन्य व्यक्ति वहाँ से फरार हो गए।

जाँच में सामने आया कि यह मकान हनीफ नामक व्यक्ति का है। पुलिस ने जब वहाँ मौजूद लोगों से सामूहिक मजहबी गतिविधि की लिखित अनुमति माँगी तो कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। अनुमति न होने के कारण पुलिस ने सभी 12 लोगों के खिलाफ शांति भंग करने की धाराओं में कार्रवाई की।

शनिवार (17 जनवरी 2026) को आरोपितों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहाँ से उन्हें जमानत मिल गई। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश जारी है।