उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में एक शख्स के बेटी के निकाह में हिंदुओं को दावत देने से नाराज कुछ मौलानाओं और इमामों ने फतवा जारी कर मुस्लिम समाज के लोगों को दावत में शामिल होने से रोक दिया। मोहम्मदपुर जाटान के रहने वाले ताहिर अली ने कहा कि बेटी के निकाह में इंतजाम से बेहद कम लोगों के आने के चलते उनका लाखों का खाना भी बर्बाद हुआ। उन्होंने पहले पुलिस में इसकी शिकायत की थी लेकिन बाद में शिकायत वापस ले ली।
दावत में हुए विवाद का कारण
ताहिर अली की बेटी फिजा का निकाह 3 दिसंबर 2025 को होना तय था। निकाह से पहले 1 दिसंबर 2025 को उन्होंने अपने गाँव और आसपास के हिंदू समाज के लोगों के लिए दावत रखी। इसके बाद 2 दिसंबर 2025 को मुस्लिमों के लिए दावत का आयोजन किया गया।
ताहिर अली का आरोप है कि कुछ मौलाना और इमामों ने इस बात को गलत बताया और व्हाट्सएप ग्रुप पर ऑडियो भेजकर मुस्लिम समाज के लोगों को दावत में शामिल होने से रोका। ताहिर ने कहा कि गाँव की कुछ मस्जिदों से जुड़े इमामों और लगभग 60 लोगों ने मिलकर एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया। इसी ग्रुप के माध्यम से कथित तौर पर फतवा जारी किया गया।
फतवे और दबाव का आरोप
ताहिर अली का कहना है कि इन व्हाट्सएप ऑडियो और मैसेज में लोगों से कहा गया कि वे दावत में शामिल न हों और यह कि उन्होंने हिंदुओं को दावत देकर गलत काम किया है। आरोप है कि कुछ लोगों ने उनसे आपत्तिजनक बातें भी की और दबाव बनाने की कोशिश की। इसका असर यह हुआ कि बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग दावत में नहीं पहुँचे। दावत में लोगों के न आने से ताहिर अली को करीब छह लाख रुपए का नुकसान हुआ।
पुलिस की कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए ताहिर अली ने आईजीआरएस और एसएसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। भोजीपुरा पुलिस को जाँच का आदेश दिया गया था। एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि ताहिर अली के पास व्हाट्सएप ऑडियो हैं, जिन्हें थाने में पेश किया जाएगा। हालाँकि रविवार (14 दिसंबर 2025) को ताहिर अली ने अपनी शिकायत लिखित रूप में वापस ले ली, लेकिन मामले की जाँच अभी भी जारी है।
url – Muslim father invited Hindus daughters wedding maulana issued fatwa bareilly uttar pradesh

