कश्मीर ले जाकर UP के नाबालिग हिंदू को बनाया मोहम्मद हमजा, जामिया मस्जिद में धर्मांतरण: काम दिलाने के बहाने ले गया था वसीम, परिजनों को कॉल कर कहा- अब वह मुस्लिम हो गया, उसे भूल जाओ

उत्तर प्रदेश के बिजनौर से कश्मीर गए 17 साल के हिंदू नाबालिग ‘विशाल’ का धर्मांतरण कराने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर Video Viral होने के बाद पुलिस ने आरोपित वसीम और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। SP के निर्देश पर पुलिस की एक विशेष टीम हिंदू किशोर को सकुशल वापस लाने और जाँच के लिए रवाना हो चुकी है।

सैलून में काम के बहाने ले गया पड़ोसी

बिजनौर के खानजहाँपुर का रहने वाला विशाल रोजगार की तलाश में था। आरोप है कि पड़ोस का वसीम उसे श्रीनगर के एक सैलून में काम दिलाने के बहाने ले गया था। 15 मई को अचानक विशाल ने पिता को फोन कर धर्म परिवर्तन की बात बताई।

परिजनों के पास धर्म परिवर्तन के दो Video और कबूलनामा भेजा गया। वीडियो में विशाल मुस्लिम लिबास और गले में माला पहने दिख रहा है। उसका नया नाम ‘मोहम्मद हमजा‘ रखा गया। Video कश्मीर की एक जामिया मस्जिद का बताया जा रहा है।

परिवार का आरोप, बेटा डरा हुआ है

परिजनों ने BJP के पूर्व सांसद के साथ SP से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। पिता के पास हाईस्कूल की मार्कशीट है, जिससे विशाल के नाबालिग होने का सबूत मिलता है। परिवार का कहना है कि विशाल बेहद डरा हुआ है और उस पर भारी मानसिक दबाव बनाया गया है।

हिंदू नाबालिग के चाचा ने बताया कि उनको एक नंबर से कॉल आया। कॉल पर व्यक्ति ने कहा, “अब अपने लड़के को भूल जाओ, क्योंकि उसने इस्लाम कबूल लिया है।” उसी नंबर से एक Video भी भेजा गया, जिसमें धर्मांतरण की प्रक्रिया और उससे जुड़ी गतिविधियाँ दिखाई गईं।

मस्जिद का दावा: मर्जी से कबूला इस्लाम

दूसरी तरफ, कश्मीर की मस्जिद की ओर से एक घोषणा पत्र सामने आया है। इसमें दावा किया गया है कि विशाल ने बिना किसी दबाव या लालच के अपनी मर्जी से इस्लाम कबूला है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दावों की कानूनी जाँच कर रही है।