यूपी ATS ने बिजनौर से 2 आतंकी किए गिरफ्तार, लखनऊ रेलवे स्टेशन को दहलाने का था प्लान: दुबई में बैठे आकिब से था संपर्क

उत्तर प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए राज्य को दहलाने की साजिश को नाकाम कर दिया है। यूपी ATS और STF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिजनौर से दो संदिग्धों, उवैद मलिक और जलाल हैदर उर्फ समीर को गिरफ्तार किया है।

जाँच में खुलासा हुआ है कि ये आरोपित लखनऊ रेलवे स्टेशन पर विस्फोट करने की खतरनाक योजना बना रहे थे। जाँच एजेंसियों के मुताबिक, इस नेटवर्क का साजिशकर्ता दुबई में बैठा आकिब है, जो पाकिस्तानी हैंडलर्स के सीधे संपर्क में था।

आकिब सोशल मीडिया के जरिए स्थानीय युवाओं का ब्रेनवॉश कर उन्हें कट्टरपंथ की ओर धकेल रहा था। नवंबर 2025 में इन आरोपितों का एक Video भी वायरल हुआ था, जिसमें वे AK-47 और ग्रेनेड के साथ नजर आए थे। इसी आधार पर बंद हो चुके पुराने केस को दोबारा खोलकर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

फरार आरोपितों की तलाश तेज

इस मामले में दो अन्य आरोपित, मैजुल और आजाद, फिलहाल दक्षिण अफ्रीका और सऊदी अरब में छिपे हैं, जिनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया गया है। साथ ही, नजीबाबाद के समीर उर्फ रुहान की तलाश में छापेमारी जारी है। पकड़े गए आरोपितों के पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एजेंसियों का मानना है कि समय रहते हुई इन गिरफ्तारियों से देश में अस्थिरता फैलाने की एक बड़ी अंतरराष्ट्रीय साजिश टल गई है।