उत्तर प्रदेश की बीजेपी सरकार ने बुधवार (11 फरवरी 2026) को विधानसभा में अपना 10वाँ बजट 2026-27 पेश किया। योगी सरकार के अब तक के सबसे बड़े बजट में महिलाओं, युवा और किसानों को प्राथममिकता दी गई है। यह बजट ₹9.20 लाख करोड़ से ज्यादा का है।। यह पिछली बार के मुकाबले 12.9 प्रतिशत अधिक है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी हुई है। वहीं गेहूँ और आलू उत्पादन में उत्तर प्रदेश नंबर वन है, यूपी में निवेश तेजी से बढ़ रहा है।
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि अब बेटियों की शादी के लिए मिलने वाली सहायता राशि ₹50 हजार से बढ़ाकर ₹1 लाख की जाएगी। इसके साथ ही ₹43 हजार करोड़ की नई योजनाएँ शुरू की गई हैं। योगी सरकार ने प्रदेश के 10 लाख युवाओं को रोजगार देगी।
वित्त मंत्री ने योगी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए बताया कि यूपी में 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। सरकार ने यूपी में डाटा सेंटर बनाए जाने का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार द्वारा फरवरी 2024 में चौथे ग्लोबल इन्वेस्टर्स सम्मिट का सफलतम आयोजन किया गया। अब तक लगभग 50 लाख करोड़ रूपये के एमओयू हस्ताक्षरित हो चुके हैं, जिनसे लगभग 10 लाख रोजगार का सृजन सम्भावित है।”
योगी सरकार की बढ़ाई में वित्त मंत्री ने शायरी पढ़ी- सितारा बनकर आसमां में वही चमकते हैं, डुबे देते हैं, जो अपने आप को पसीने में। इस शायरी पर विधानसभा के सदस्यों ने ताली बजाई।
वित्त मंत्री ने विकास पर कहा, “हमारी सरकार के पिछले और मौजूदा समय में राज्य में हर तरफ विकास हुआ है, चाहे वह कानून-व्यवस्था को मजबूत करना हो, इंफ्रास्ट्रक्चर सुविधाओं को बढ़ाना हो, इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट हो, रोजगार पैदा करना हो, महिला सशक्तिकरण हो, युवाओं का स्किल डेवलपमेंट हो, किसानों की खुशहाली हो और गरीबी खत्म करना हो। साल 2024-2025 के लिए राज्य का GSDP ₹30.25 लाख करोड़ अनुमानित है, जो पिछले साल के मुकाबले 13.4 प्रतिशत ज्यादा है।”

