उत्तर प्रदेश के करीब 1.43 लाख शिक्षा मित्रों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षा मित्रों का मानदेय ₹10,000 से बढ़ाकर सीधे ₹18000 प्रति माह कर दिया है। सरकार का यह फैसला प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में तैनात सभी शिक्षा मित्रों पर लागू होगा।
इस बड़ी घोषणा के बाद गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ ऑडिटोरियम में एक राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद कुछ शिक्षा मित्रों को बढ़े हुए मानदेय के चेक सौंपे। कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू हुआ। इसमें अधिक संख्या में शिक्षक शामिल हुए। शिक्षकों के बीच इस फैसले को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा गया।
VIDEO | Gorakhpur: Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath (@myogiadityanath) announced that the Uttar Pradesh government has increased the monthly honorarium of 1.43 lakh Shiksha Mitras from Rs 10,000 to Rs 18,000, reaffirming the government’s commitment to supporting… pic.twitter.com/H0Nh2A04U2
— Press Trust of India (@PTI_News) May 5, 2026
अप्रैल से ही लागू हुआ बढ़ा हुआ मानदेय
खास बात यह है कि बढ़ा हुआ मानदेय अप्रैल महीने से ही प्रभावी कर दिया गया है। सरकार ने इसके लिए ₹250 करोड़ का बजट जारी किया है। शिक्षा मित्रों के बैंक खातों में पैसा सीधे क्रेडिट (Transfer) किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि पेमेंट की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। सभी लाभार्थियों को इसी महीने से बढ़ी हुई सैलरी मिलने लगेगी।
हर जिले में मना जीत का जश्न
गोरखपुर के मुख्य कार्यक्रम के साथ-साथ यूपी के सभी जिलों में सम्मान समारोह आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में स्थानीय नेताओं और अधिकारियों ने हिस्सा लिया। हर जिले को कार्यक्रम आयोजित करने के लिए ₹2.50 लाख का बजट दिया गया था। बेसिक शिक्षा विभाग ने इस दौरान अपनी सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान ‘अरुणोदय’ कैलेंडर भी जारी किया। यह कैलेंडर छात्रों की गतिविधियों पर आधारित है। अधिकारियों का मानना है कि इस फैसले से शिक्षा मित्रों का मनोबल बढ़ेगा। उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी, जिससे वे स्कूलों में और बेहतर तरीके से पढ़ा सकेंगे। इससे राज्य में शिक्षा का स्तर और भी ऊंचा होगा।

