उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहाबाद क्षेत्र में बी एन डिग्री कॉलेज के LLB फर्स्ट सेमेस्टर छात्र अमित यादव ने कॉलेज प्रिंसिपल डॉक्टर उमर पर तिलक लगाकर कॉलेज आने पर बदतमीजी करने का गंभीर आरोप लगाया है।
छात्र का कहना है कि वह धार्मिक आस्था के अनुसार तिलक लगाकर कॉलेज आए थे लेकिन प्रिंसिपल ने कहा कि यह कोई गुरुकुल नहीं है और तिलक हटाकर ही प्रवेश किया जा सकता है। इस घटना से अमित मानसिक तौर पर परेशान हो गया और इसी कारण उसने अपना परीक्षा फॉर्म भी नहीं भर पाया।
अमित यादव ने तहसील समाधान दिवस में उच्च अधिकारियों को शिकायत की है। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता कॉलेज पहुँचे और छात्र के तिलक लगाने पर बदतमीजी का विरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में यदि किसी छात्र के साथ ऐसा व्यवहार दोहराया गया तो संगठन आंदोलन करेगा।
कॉलेज प्रिंसिपल डॉक्टर उमर ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने किसी छात्र को तिलक लगाने पर रोका नहीं और न ही कोई टिप्पणी की। उप जिलाधिकारी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जाँच की जा रही है।

