‘मैं ठाकुर नहीं ईसाई हूँ, शादी करनी है तो धर्म बदलो’: रॉनी ने ‘सिंह’ सरनेम लगाकर फँसाई हिंदू महिला, गर्भवती होने पर पेट पर लात मारकर बच्चा गिराया; कानपुर में अरेस्ट

उत्तर प्रदेश के कानपुर में पहचान छिपाकर प्यार, धर्मांतरण के दबाव और क्रूरता का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने संगीत टीचर की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित अभिषेक क्लॉडियस उर्फ रॉनी को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपित ने खुद को ‘अभिषेक सिंह’ बताकर हिंदू लड़की से दोस्ती की और शादी का झाँसा देकर लगातार रेप किया। पीड़िता ने बताया कि गर्भवती होने पर उसने रॉनी को शादी के लिए कहा था। रॉनी ने बताया कि वो ठाकुर नहीं, ईसाई है, अगर शादी करनी है तो धर्म बदलना होगा।

पहचान छिपाई और जबरन कराया गर्भपात

पीड़िता का आरोप है कि जब उसने धर्म बदलने से इनकार किया, तो आरोपित के परिजनों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। आरोप है कि उसके पेट में लात मारी गई, जिससे उसका गर्भपात हो गया। पीड़िता ने यह भी सनसनीखेज आरोप लगाया कि आरोपित के पिता और भाई भी उसके साथ गलत व्यवहार करते थे।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

मामले में तब नया मोड़ आया जब थाने लाते समय पुलिसकर्मी आरोपित के कंधे पर हाथ रखे नजर आए। इसे देखकर पीड़िता भड़क गई और पुलिस पर ‘दोस्ताना व्यवहार’ का आरोप लगाते हुए थाने में ही नाराजगी जताई।

एसीपी अमित चौरसिया ने बताया कि युवती की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और अन्य आरोपितों की भूमिका की जाँच की जा रही है। पीड़िता ने अब अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की माँग की है।