दिल्ली ब्लास्ट मामले के बाद सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। गुजरात ATS ने गिरफ्तार सुहैल के घर लखीमपुर खीरी में पहुँचकर परिजनों से करीब एक घंटे तक पूछताछ की। दिल्ली ब्लास्ट की जाँच के बीच यूपी में सुरक्षा एजेंसियों की कार्रवाई जारी है।
शनिवार (15 नवंबर 2025) की सुबह गुजरात ATS की टीम भारी सुरक्षा के साथ लखीमपुर खीरी के सिंगाही कस्बे में पहुँची और गिरफ्तारी के बाद सुर्खियों में आए मोहम्मद सुहैल के घर पहुँचकर उसकी गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटाई। सुहैल को 9 नवंबर 2025 को गुजरात ATS ने हिरासत में लिया था, जिसके बाद से उसका परिवार और इलाका चर्चा में है।
सुहैल के भाई वसीम ने बताया कि टीम ने उनके पिता सलीम से भी पूछताछ की और घर की तलाशी के दौरान एक काला कपड़ा बरामद किया, जिस पर कलमा लिखा था। टीम उसे अपने साथ ले गई।
जानकारी के अनुसार, ATS ने महिलाओं से भी अलग कमरे में पूछताछ की और सुहैल की दिनचर्या, पढ़ाई, संपर्कों और पिछले कुछ महीनों में उसके बदले व्यवहार के बारे में जानकारी इकट्ठी की।
ATS की मौजूदगी की खबर फैलते ही घर के बाहर भीड़ जमा हो गई। हालांकि पुलिस ने किसी को भी पास नहीं आने दिया। पुलिस ने बताया कि टीम सुहैल से जुड़े तथ्यों की जाँच कर रही है और जरूरत पड़ी तो दोबारा भी आ सकती है।
बताया जाता है कि सुहैल तीन साल पहले हाफिज की पढ़ाई के लिए मुजफ्फरनगर गया था और कुछ दिन पहले गुजरात पहुँचा था, जहाँ उसे संदिग्ध आतंकी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इससे पहले ATS ने उस मदरसे पर भी छापा मारा था, जहाँ सुहैल ने तालीम ली थी। फिलहाल मामले की जाँच जारी है।

