उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में एक कॉलोनी के भीतर लगाए गए पोस्टर इन दिनों चर्चा में हैं। मामला कटघर थाना क्षेत्र के लाजपत नगर स्थित श्रीराम सोसायटी का है और वहाँ कुछ घरों के बाहर ऐसे पोस्टर लगाए गए हैं जिनमें हिंदुओं के अलावा किसी दूसरे समुदाय को मकान न बेचने की अपील की गई है।
कॉलोनी में लगे पोस्टरों पर साफ लिखा है, “पूर्णतः हिंदू सनातनी सोसाइटी। यह क्षेत्र विशेष रुप से हिंदू समाज के निवास के लिए है, कृपया अन्य पक्ष के लोग यहाँ मकान न लें। यहाँ स्थित मंदिर में समय-समय पर धार्मिक कार्यक्रम एवं अनुष्ठान आयोजित होते रहते हैं, अतः क्षेत्र के सभी सम्मानित लोग क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक मर्यादाओं का ध्यान रखें।”

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कॉलोनी में करीब 40 परिवार रहते हैं और करीब दो दर्जन लोगों ने अपने-अपने घरों के बाहर ऐसे पोस्टर लगाए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कुछ परिवार अपने मकान बेचना चाह रहे हैं, ऐसे में वे चाहते हैं कि ये मकान केवल हिंदू परिवारों को ही दिए जाएँ।
क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह के निर्देश पर कटघर पुलिस मौके पर पहुँची और लोगों से बातचीत की। हालाँकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

