संभल में अवैध मजार पर गरजा बाबा का बुलडोजर, जमींदोज हुई सरकारी जमीन पर बनी ‘शेर अली बाबा पीर’ की मजार: 80 बीघा झील की जमीन कराई गई मुक्त

उत्तर प्रदेश के संभल जिले के सिरसी कस्बे में शनिवार (23 मई 2026) को प्रशासन ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाते हुए एक अवैध मजार को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान करीब 70 से 80 बीघा झील की जमीन को भी कब्जा मुक्त कराया गया। प्रशासन का कहना है कि झील की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही थी जिसे हटाने के लिए यह अभियान चलाया गया।

मामला संभल के हजरतनगर गढ़ी क्षेत्र का है, जहाँ प्रशासन ने ‘शेर अली बाबा पीर’ नाम की एक मजार के खिलाफ कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, यह मजार झील की जमीन पर बनाई गई थी और इसके जरिए कब्जा जमाने का प्रयास किया जा रहा था।

संभल के तहसीलदार धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि यह लगभग 200 झील की जमीन है, जिस पर पहले भी कार्रवाई की जा चुकी थी। उन्होंने कहा कि बीते वर्ष प्रशासन ने प्रभावी अभियान चलाकर यहाँ से कृषि कब्जा हटवाया था और जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया था। हालाँकि, बाद में आसपास के लोगों ने दोबारा कृषि कब्जा शुरू कर दिया और एक छोटी-सी मजार बनाकर जमीन पर दावा करने का प्रयास किया गया।

तहसीलदार के मुताबिक, शनिवार को दोबारा चलाए गए अभियान में अवैध कृषि कब्जे को हटाया गया और जमीन को मुक्त कराया गया। उन्होंने बताया कि लगभग 70 से 80 बीघा भूमि पर खेती के नाम पर कब्जा किया गया था, जिसे प्रशासन ने हटवा दिया। इस दौरान किसी तरह के विरोध की सूचना नहीं मिली।

प्रशासन ने यह भी बताया कि मजार को लेकर तहसीलदार न्यायालय में पहले से मुकदमा दर्ज था। उस समय मजार के मुतवल्ली (देखरेख करने वाले) के नाम से मामला चल रहा था। लेकिन मुतवल्ली की मृत्यु के बाद इस मजार को लेकर किसी अन्य व्यक्ति ने न्यायालय में कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई।