उत्तर प्रदेश के संभल में अलविदा जुम्मा और ईद‑उल‑फितर से पहले पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। प्रशासन को आशंका है कि कुछ लोग अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, खासकर ईरान और इजरायल के विवाद को लेकर विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं।
इसी को देखते हुए कोतवाली परिसर में शांति समिति की बैठक बुलाई गई, जिसमें क्षेत्राधिकारी (CO) कुलदीप सिंह ने साफ चेतावनी दी कि त्यो सहार के दौरान किसी भी हालत में कानून व्यवस्था बिगाड़ने नहीं दी जाएगी।
बैठक में CO कुलदीप सिंह ने कहा कि अगर किसी ने ईरान-इजरायल विवाद के नाम पर जिले में माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “जो लोग ईरान के समर्थन में ज्यादा भावनाएँ दिखा रहे हैं, वे वहाँ जाकर अपनी बात रखें, लेकिन भारत में माहौल खराब करने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।” उन्होंने यह भी कहा, “ईरान के लिए छाती पीटने वालों का बढ़िया इलाज करूँगा।”
CO ने साफ कर दिया कि अलविदा जुम्मा की नमाज के दौरान किसी भी देश के समर्थन या विरोध में नारेबाजी, काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन या भड़काऊ बयानबाजी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने यह भी साफ किया कि नमाज केवल मस्जिदों के भीतर ही अदा की जाएगी और सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं होगी। नियम तोड़ने वालों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

