उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के महमूदाबाद क्षेत्र में एक निजी स्कूल में विद्यार्थियों से ‘I Love Muhammad’ लिखवाए जाने का मामला सामने आया है। महमूदाबाद के बनवीरपुर स्थित अमर बापू शिक्षा निकेतन विद्यालय में शनिवार (27 सितम्बर 2025) को विद्यालय प्रबंधक नईमुद्दीन के निर्देश पर प्रधानाचार्य ने स्लोगन प्रतियोगिता आयोजित कराई।
इसमें छात्रों से ‘I Love Muhammad’ लिखवाया गया। कक्षा तीन और पाँच के छात्रों ने घर पहुँचकर यह बात अपने अभिभावकों को बताई। अभिभावक नाराज होकर विद्यालय पहुँचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधक नईमुद्दीन और उसके भाई सुमीउद्दीन पर जिहादी संगठनों से जुड़े होने के आरोप लगाए हैं। कुछ अभिभावकों ने तो यहाँ तक दावा किया है कि नइमुद्दीन का एक भाई बम बनाता था और उसी के विस्फोट में उसकी मौत हुई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और विद्यार्थियों व अभिभावकों के बयान दर्ज किए। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, राज्य के अन्य जिलों कानपुर, बरेली, कासगंज, शाहजहाँपुर और कौशांबी में भी ‘I Love Muhammad’ पोस्टर, जुलूस या अभियान को लेकर विरोध, झड़प और एफआईआर दर्ज होने की घटनाएँ सामने आई हैं।

