उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एंटी रोमियो अभियान की सामान्य तस्वीर को ही बदल दिया है। यहाँ कैंट रेलवे स्टेशन क्षेत्र में पुरुषों से छेड़छाड़ करने के आरोप में सिगरा थाना पुलिस ने 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया है। दोनों महिलाओं पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जाँच में यह भी सामने आया कि दोनों देह व्यापार से जुड़ी थीं और राहगीरों और पर्यटकों को अश्लील इशारे कर अपने जाल में फँसाने का प्रयास करती थीं। इससे पहले भी इसी तरह की गतिविधियों में शामिल 6 युवतियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी के सिगरा थाना पुलिस ने एक अनूठी कार्रवाई की. सिगरा क्षेत्र में आम लोगों और राहगीरों को अश्लील इशारे कर परेशान करने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एंटी रोमियो टीम ने मौके से दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है.
— TV9 Bharatvarsh (@TV9Bharatvarsh) July 25, 2026
पढ़ें पूरी खबर: https://t.co/Rd8KgMFT8g… pic.twitter.com/vRziAZCYKo
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर एंटी रोमियो टीम लगातार कैंट रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को शिकायत मिली कि दो महिलाएँ सड़क किनारे खड़ी होकर वहाँ से गुजरने वाले पुरुषों को इशारे कर बुलाती हैं और उनसे अभद्र व्यवहार करती हैं।
शिकायत मिलने के बाद एंटी रोमियो टीम ने पहले दोनों महिलाओं की गतिविधियों पर नजर रखी और पर्याप्त जानकारी जुटाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के अनुसार, गिरफ्तार महिलाओं के खिलाफ BNS की धारा 296 के तहत कार्रवाई की गई है।
50 से अधिक पुरुषों को बना चुकी हैं निशाना, देह व्यापार से भी जुड़ा है नाम
पुलिस जाँच में सामने आया कि दोनों महिलाएँ कैंट स्टेशन के बाहर सुबह से लेकर देर रात तक राहगीरों और पर्यटकों को इशारों से बुलाती थीं। बातचीत बनने पर 800 से 1000 रुपए लेकर उन्हें आसपास के गेस्ट हाउस में ले जाकर देह व्यापार का संचालन किया जाता था।
पुलिस का दावा है कि अब तक दोनों महिलाओं ने 50 से अधिक पुरुषों से इस तरह संपर्क करने और छेड़छाड़ करने की कोशिश की थी। पुलिस का कहना है कि एंटी रोमियो टीम का उद्देश्य केवल महिलाओं की सुरक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी व्यक्ति द्वारा की जाने वाली अभद्रता और उत्पीड़न पर कार्रवाई करना भी है।
अधिकारियों के मुताबिक, कैंट रेलवे स्टेशन और अन्य संवेदनशील इलाकों में आगे भी अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने, राहगीरों को परेशान करने या अवैध गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

