₹40 हजार का लालच देकर ग्रामीणों को बना रहा था ईसाई, वाराणसी पुलिस ने अजय को दबोचा: संदिग्ध दस्तावेज बरामद

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गरीब लोगों को पैसों का लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने वाले एक बड़े सिंडिकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। जंसा पुलिस ने बुधवार (25 फरवरी) को इस गिरोह के एक सक्रिय सदस्य अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जो सहारनपुर का रहने वाला है।

यह गिरोह भोले-भाले ग्रामीणों को आर्थिक मदद का झाँसा देकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसाता था। इस मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

5 हजार एडवांस और 35 हजार का वादा

इस पूरे खेल का खुलासा तब हुआ जब जंसा क्षेत्र के अमन सेठ ने हिम्मत दिखाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। अमन के मुताबिक, अजय कुमार ने उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के बदले 40,000 रुपए देने का लालच दिया था। साजिश के तहत अजय ने अमन को 5,000 रुपए एडवांस भी दे दिए थे और वादा किया था कि धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी होते ही बाकी के 35,000 रुपए भी दे दिए जाएँगे।

गाँव-गाँव फैला था लालच का जाल

पुलिस की जाँच में सामने आया है कि 40 वर्षीय आरोपित अजय कुमार सहारनपुर के देवबंद इलाके का निवासी है। वह स्थानीय एजेंटों के साथ मिलकर गाँव-गाँव घूमता था और गरीब परिवारों को निशाना बनाता था।

वह लोगों को आर्थिक तंगी से बाहर निकलने और बेहतर सुविधाओं का सपना दिखाकर ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करता था। पुलिस को उसके पास से कुछ संदिग्ध दस्तावेज और धर्म प्रचार से जुड़ी सामग्री भी मिली है।

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले की कड़ी पिछले महीने से जुड़ी है। पुलिस ने इसी गिरोह के एक अन्य सदस्य विजय कुमार को 24 जनवरी 2026 को ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। विजय से पूछताछ और मामले की विवेचना के दौरान ही अजय कुमार का नाम सामने आया था। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह में अभी कुछ और लोग शामिल हो सकते हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि वे अन्य संभावित पीड़ितों के संपर्क में हैं ताकि इस रैकेट की गहराई तक पहुँचा जा सके और दोषियों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जा सके।