उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोमवार (6 जुलाई) को एक ऑटो से करीब 200 किलोग्राम संदिग्ध गोवंश मांस बरामद किया है। इसके साथ ही मांस तौलने वाला इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया है।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई टोल प्लाजा के पास घेराबंदी करके की गई। पुलिस को देखकर दो आरोपित धान के खेतों की तरफ भाग गए। इस मामले में कुल 4 आरोपितों तसलीम, यासीन, सोहेल और शोएब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
फिलहाल सभी आरोपित फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही है। गोवंश संरक्षण स्क्वाड को मुखबिर से इस तस्करी की जानकारी मिली थी। तस्कर इस मांस को ऑटो में लादकर रुद्रपुर की तरफ बेचने जा रहे थे।
जब पुलिस ने हरे-पीले रंग के ऑटो को रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस ने पीछा करके ऑटो को रोका। गाड़ी रुकते ही सोहेल और शोएब नाम के 2 भाई अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। जाँच के बाद डॉक्टर ने शुरुआती तौर पर इसे गोमांस बताया है। पुलिस ने मांस के सैंपल को जाँच के लिए लैब भेज दिया है।

