उत्तराखंड के टिहरी जिले के जाखणीधार बाजार में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित मांस कारोबारी रईस अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना रविवार (5 जुलाई) शाम की है। आरोपित रईस अहमद ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर अपनी मीट की दुकान के अंदर बुलाया था।
इसके बाद उसने दुकान का दरवाजा बंद कर लिया। करीब आधे घंटे तक लड़की के बाहर न आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ। जैसे ही स्थानीय लोग दुकान की तरफ बढ़े, आरोपित ने दरवाजा खोलकर लड़की को बाहर भेज दिया।
इस घटना की भनक लगते ही पूरे बाजार में भारी भीड़ जमा हो गई। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने आरोपित के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया और बाजार खाली करने की चेतावनी दी।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की माँ की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है। लड़की की मेडिकल जाँच भी कराई गई है। आरोपित रईस अहमद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है। वह पिछले दो साल से यहाँ दुकान चला रहा था।

