युद्ध का मैदान बना BHU कैंपस: मास्क लगाए 300 उपद्रवी छात्रों ने 150+ सुरक्षाकर्मियों पर घंटों की पत्थरबाजी, दर्जनों घायल

वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) कैंपस में मंगलवार (2 दिसंबर 2025) देर रात भयानक बवाल हुआ। 300 उपद्रवी छात्रों और 100 से ज्यादा प्रोक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई, जिससे कैंपस युद्ध के मैदान जैसा बन गया।

इस झड़प में दर्जनों छात्र, सुरक्षाकर्मी और पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हालात बेकाबू होते देख BHU प्रशासन को कई थानों की पुलिस और PAC को बुलाना पड़ा। पुलिस को हालात काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। फिलहाल, पुलिस की मुस्तैदी के चलते स्थिति सामान्य है।

विवाद की शुरुआत

यह विवाद मंगलवार (2 दिसंबर 2025) शाम को शुरू हुआ। राजाराम हॉस्टल के एक छात्र का बाइक से एक्सीडेंट हो गया था। चोट लगने के बाद वह छात्र शिकायत लेकर प्रोक्टोरियल बोर्ड गया। आरोप है कि वहाँ उसकी सुनवाई नहीं हुई और उसे भगा दिया गया।

इससे नाराज होकर राजाराम हॉस्टल और कुछ अन्य हॉस्टल के छात्र इकट्ठे हो गए और प्रदर्शन करने लगे। एक अन्य जानकारी के अनुसार, कुछ छात्र राजाराम हॉस्टल के बाहर एक छात्र को पीट रहे थे, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने पकड़ लिया था।

पथराव और तोड़फोड़ का मंजर

प्रदर्शन कर रहे छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच विवाद बढ़ गया। छात्रों ने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों ने उन पर लाठी चलाई। इसके जवाब में उग्र छात्रों ने जमकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। यह पथराव घंटों तक चलता रहा। एलडी गेस्ट हाउस के पास छात्रों ने दर्जनों गमले तोड़ दिए। उन्होंने कुर्सियों और काशी तमिल संगमम से जुड़े बैनर-पोस्टर को भी नुकसान पहुँचाया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चीफ प्रॉक्टर ने तत्काल पुलिस को बुलाया। कई थानों की फोर्स और PAC मौके पर पहुँची। पुलिस ने छात्रों को हॉस्टल तक खदेड़ा। इस गोरिल्ला युद्ध जैसी झड़प में कई सुरक्षाकर्मियों और छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। ACP भेलूपुर ने बताया कि अब सब कुछ शांत है। विवाद किस बात पर शुरू हुआ, यह कैंपस के अंदर की बात है, जिसकी जानकारी प्रॉक्टर ही देंगे।