J&K ले जाकर बनाया गया था ‘हमजा’, बिजनौर में नाबालिग की कराई गई ‘घर वापसी’: शिव मंदिर में मंत्रोच्चार के बीच सनातन धर्म में लौटा

जम्मू-कश्मीर में जबरन ‘हमजा’ बनाए गए उत्तर प्रदेश के बिजनौर के नाबालिग विशाल की अब गाँव वापस आने पर सनातन में ‘घर वापसी’ कराई गई है। पुलिस द्वारा युवक को सकुशल बरामद कर उसके परिवार को सौंपने के बाद गाँव में शिव मंदिर पर शुद्धिकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

गाँव के लोगों की मौजूगी में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ विशाल की दोबारा हिंदू धर्म में वापसी कराई गई। घर वापसी कार्यक्रम के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुटे रहे।

कार्यक्रम में भाजपा नेता मौसम चौधरी भी पहुँचे। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति का जबरन धर्म परिवर्तन कराना गलत है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

जानकारी के मुताबिक, विशाल कुछ समय पहले कश्मीर चला गया था, जहाँ मस्जिद में उसका धर्मांतरण कराया गया था और नाम बदलकर ‘हमजा’ रखा गया था। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की थी।

पुलिस कार्रवाई के बाद विशाल को वापस लाया गया। इसके बाद गाँव में धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उसका शुद्धिकरण और घर वापसी कार्यक्रम संपन्न कराया गया।