उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर में एक शादी के रिसेप्शन (वलीमा) को लेकर जबरदस्त हंगामा खड़ा हो गया। यह पूरा विवाद एक डेंटिस्ट, अदनान अंसारी और नीलम नाम की हिंदू महिला के निकाह के बाद आयोजित वलीमा कार्ड को लेकर शुरू हुआ। हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि लड़की का नाम बदलकर कार्ड पर छपवाना जबरन धर्मांतरण की कोशिश है। भारी विरोध को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुँचकर कार्यक्रम को रद्द करवा दिया।
दरअसल, अदनान अंसारी ने दिल्ली की रहने वाली नीलम से कोर्ट मैरिज की थी। रविवार (11 जनवरी 2026) रात शाहजहाँपुर में इसका ‘वलीमा’ प्रोग्राम रखा गया था। विवाद तब बढ़ा जब शादी के कार्ड पर हिंदू लड़की का नाम बदलकर ‘नीलम अंसारी’ छपवाया गया और साथ ही उसके पिता का नाम भी उजागर किया गया।
हिंदू संगठनों का कहना है कि हिंदू पहचान को मिटाकर मुस्लिम नाम छपवाना गलत है और यह पूरी तरह धर्मांतरण को बढ़ावा देने की साजिश है। जैसे ही इस कार्ड की खबर फैली, हिंदू नेता राजेश अवस्थी की अगुवाई में भारी संख्या में लोग मैरिज लॉन पहुँच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लॉन के बाहर बढ़ते तनाव और हंगामे की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों में काफी नाराजगी है। सोमवार (12 जनवरी 2026) को उन्होंने पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपा और आरोपित अदनान के खिलाफ रासुका (NSA) के तहत सख्त कार्रवाई की माँग की।

