पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बहुमत के पार हो जाने के बीच मुख्यमंत्री और तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है। वीडियो संदेश में बनर्जी ने काउंटिंग एजेंट्स और पार्टी उम्मीदवारों से अनुरोध किया कि वे उन स्ट्रॉन्गरूम को न छोड़ें जहाँ वोटों की गिनती चल रही है।
TMC सुप्रीमो ने आरोप लगाया, “यह बीजेपी की योजना है कि वे उन सीटों के नतीजे पहले दिखाएँ जहाँ वे जीत रहे हैं और जिन सीटों पर हम जीत सकते हैं, उनकी गिनती बाद में दिखाई जाए। करीब 100 काउंटिंग सेंटरों पर उन्होंने पहले दो से तीन राउंड के बाद वोटों की गिनती रोक दी है।”
#WATCH | कोलकाता: भवानीपुर से TMC उम्मीदवार व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, "काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवार काउंटिग सेंटर छोड़कर न आएं। यह भाजपा का प्लान है, मैं कल से ही बोल रही हूं पहले उन्हें आगे दिखाया जाएगा। कई जगह उन्होंने काउंटिंग को बंद कर रखा है। कल्याणी… pic.twitter.com/1Sx3eSTJPS
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 4, 2026
उन्होंने आगे कहा, “वे केंद्रीय बलों का इस्तेमाल कर TMC कार्यकर्ताओं को नुकसान पहुँचा रहे हैं और हमारे पार्टी कार्यालयों को तोड़ रहे हैं। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) का इस्तेमाल इसलिए किया गया ताकि लोग वोट न डाल सकें और वे चुनाव जीत सकें। हालाँकि, अभी भी करीब 70-80 सीटें ऐसी हैं जहाँ हम बढ़त में हैं लेकिन उन्हें घोषित नहीं किया जा रहा है।”
उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंट्स से अपील करते हुए कहा, “इसलिए मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंट्स से कह रही हूँ कि उम्मीद न खोएँ। आगे आने वाले राउंड तक इंतजार करें और देखें। हम शेर के बच्चों की तरह लड़ेंगे और चुनाव जीतेंगे।”

