‘माँ के लिए वोट करें’: बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के बीच बोली TMC, शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए 2.4 लाख जवान तैनात

पश्चिम बंगाल की 152 विधानसभा सीटों पर पहले चरण के लिए गुरुवार (23 अप्रैल 2026) सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। 16 जिलों में फैले इन क्षेत्रों में करीब 3.6 करोड़ मतदाता 1,452 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला कर रहे हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं, लेकिन इस बीच मालदा और मुर्शिदाबाद से छिटपुट हिंसा और हंगामे की खबरें भी सामने आ रही हैं।

मालदा में नोकझोंक

मालदा के बालूचरा हाई स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर EVM में खराबी के आरोपों को लेकर भारी तनाव देखा गया। इस दौरान मतदाताओं और प्रशासन के बीच तीखी नोकझोक हुई, जिससे मतदान प्रक्रिया में कुछ देर के लिए बाधा उत्पन्न हुई।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम और आयोग की मुस्तैदी

शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग ने 2,407 केंद्रीय बल की कंपनियाँ (लगभग 2.4 लाख जवान) तैनात की हैं। राज्य के 7,384 बूथों को ‘अति संवेदनशील’ माना गया है, जहाँ अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है।

पीठासीन अधिकारियों के अनुसार, EVM की निगरानी के लिए सेक्टर ऑफिसर तैनात हैं और किसी भी खराबी पर 15 मिनट में मशीन बदलने का प्रावधान है। मतदाताओं की सहायता के लिए बीएलओ (BLO) और कतार प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की गई है।

TMC का ‘माँ, माटी, मानुष’ के नाम संदेश

मतदान के बीच तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) ने सोशल मीडिया पर मतदाताओं को लुभाने के लिए खास अपील की है। TMC ने X पर पोस्ट कर कहा कि लोग सिर ऊँचा करके बिना किसी डर के अपनी ‘माँ, माटी और मानुष’ की रक्षा के लिए वोट दें।

TMC ने अपने पोस्ट में विकास की रफ्तार को बनाए रखने और ‘बंगाल विरोधी बाहरी जमींदारों’ को जवाब देने की बात कही है। पार्टी ने मतदाताओं से आग्रह किया है कि वे अपने वोट की ताकत से उन लोगों को कड़ा संदेश दें जो उनकी लोकतांत्रिक शक्ति को छीनने की कोशिश कर रहे हैं।