मुर्शिदाबाद में इस्लामी भीड़ का बवाल, बस-ट्रकों में तोड़फोड़ और पथराव: मति उर रहमान के भड़काने के बाद महिला पत्रकारों पर भी हमला, जानें- क्यों भड़की हिंसा

पश्चिम बंगाल के मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में कट्टरपंथियों के बवाल के चलते हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। पुलिस का कहना है कि बिहार में एक मजदूर के साथ हुई मारपीट की घटना को लेकर मति उर रहमान नामक कट्टरपंथी लोगों को हिंसा के लिए भड़का रहा था। उपद्रवियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग NH-12 और रेलवे ट्रैक को जाम कर दिया, बस-ट्रकों में तोड़फोड़ और पथराव किया है।

हालात पर काबू पाने के लिए भारी पुलिस बल, RAF, RPF और RPSF की तैनाती की गई है। पुलिस ने अब तक 30 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है और हिंसा फैलाने वालों की पहचान की जा रही है। मुर्शिदाबाद एसपी कुमार सनी राज के अनुसार, मति उर रहमान नामक व्यक्ति मुख्य आरोपित है और वह पिछले दो दिनों से जनता को भड़का रहा था।

भड़की हिंसा के बाद  सड़क-रेल यातायात ठप

शनिवार (18 जनवरी 2026) को बेलडांगा के बरुआ मोड़ और पंचराहा मोड़ पर सैकड़ों लोग जमा हो गए। NH-12 पर टायर जलाकर जाम लगाया गया और साथ ही रेलवे गेट तोड़कर सिग्नल को नुकसान पहुँचाया गया।

इसके चलते कृष्णनगर-लालगोला रेल रूट पर ट्रेन सेवाएँ रोकनी पड़ीं। हिंसक भीड़ ने ट्रकों में तोड़फोड़ की, एक बस पर पथराव किया, जिसमें पाँच यात्री घायल हुए। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज और आँसू गैस का सहारा लेना पड़ा।

ताजा बवाल बिहार में मुर्शिदाबाद के प्रवासी मजदूर अनीसुर शेख से कथित मारपीट के बाद भड़का। घायल अनीसुर शुक्रवार (17 जनवरी 2026) की रात घर पहुँचा और फिलहाल मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती है।

इससे पहले झारखंड के डालटेनगंज में फेरी लगाने वाले अलाउद्दीन शेख की मौत की खबर आई थी। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया था लेकिन इन मामलों की जाँच के बजाय भीड़ ने कानून हाथ में लेकर हिंसा का रास्ता चुना।

पत्रकारों और आम लोगों पर हमला

इतना ही नहीं दो दिन के प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों को भी निशाना बनाया गया। एक महिला पत्रकार के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती हैं। शनिवार (18 जनवरी 2026) को पत्रकार पार्थ प्रतिम घोष भी घायल हुए।

पुलिस ने महिला पत्रकार पर हमले के मामले में चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है और मुख्य आरोपित मति उर रहमान की भूमिका की जाँच की जा रही है।