TMC के जिस जहाँगीर ने डर फैलाने के लिए दी थी रेप-मारने की धमकी, उसके दफ्तर में घुसकर भीड़ ने की तोड़फोड़-आगजनी: फालता में तनाव का माहौल

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के फालता में चुनाव नतीजों के बाद तनाव का माहौल बन गया है। हालाँकि, फालता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है। भाजपा की बड़ी जीत के बीच यहाँ तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के एक पार्टी दफ्तर पर भीड़ ने हमला कर दिया। यह दफ्तर TMC नेता जहाँगीर खान से जुड़ा बताया जा रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार (5 मई 2026) को सामने आए घटनाक्रम में भीड़ ने दफ्तर में तोड़फोड़ की और आगजनी भी की। कई वीडियो में देखा गया कि भीड़ ने दफ्तर के अंदर रखे फर्नीचर और सामान को नुकसान पहुँचाया। साथ ही TMC के झंडे हटाकर वहाँ भाजपा के झंडे लगा दिए गए और नारेबाजी भी की गई।

गौरतलब है कि 294 में से 293 सीटों के नतीजे आ चुके हैं जबकि फालता सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होगा। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। इससे पहले लोगों ने आरोप लगाया था कि जहाँगीर खान ने गाँव में आकर उन्हें जान से मारने और महिलाओं के साथ दुष्कर्म जैसी धमकियाँ दीं जिससे इलाके में डर का माहौल बन गया था।