‘तलाक-हलाला-निकाह’ ने जहन्नुम बना दी शमा परवीन की जिंदगी: बच्चे को लेकर दर-दर की ठोकरें खाने को हुई मजबूर, मेरठ की घटना

मेरठ की शमा परवीन दर-दर की ठोकरे खाने को मजबूर हो गई है। शमा परवीन का कहना है कि शौहर नाजिम ने जब उसे तलाक दिया तो घरवालों ने उसका हलाला देवर संग करा दिया। देवर ने भी उसे तलाक दे दिया, फिर नाजिम से दूसरी बार निकाह हुई। इस बीच शमा परवीन ने बच्चे को जन्म दिया। अब शौहर और देवर दोनों बच्चे को अपनाने के लिए तैयार नहीं हैं। शमा परवीन पुलिस पर कार्रवाई न करने का भी आरोप लगा रही है।

शमा परवीन का निकाह 2022 में नाजिम के साथ हुआ था। निकाह के बाद वह सऊदी अरब चला गया। एक साल बाद वह वापस लौटा। महिला शमा परवीन ने फिर जाने से रोकना चाहा साथ ही खुद जाने से भी मना किया, तो उसने गुस्से में तीन तलाक दे दिया।

परिजनों के मनाने पर नाजिम ने महिला को रखने के लिए तैयार हो गया, लेकिन हलाला की शर्त रखी। शमा परवीन का निकाह उसके देवर से करा दिया गया। महिला का आरोप है कि देवर ने कई दिनों तक उसका रेप किया और फिर तीन तलाक दे दिया। महिला का निकाह एक बार फिर नाजिम से करा दिया गया। महिला का बच्चा होने पर अब दोनों इसे अपनाने को तैयार नहीं हैं।

इनलोगों ने शमा परवीन को भी घर से निकाल दिया है। उसका आरोप है कि पुलिस उसकी शिकायत दर्ज नहीं कर रही है। वह एसएसपी ऑफिस की जनसुनवाई में पहुँची, जहाँ मामले की जाँच का उसे भरोसा दिया गया है।