नहीं बदलेगा ‘यादवजी की लव स्टोरी’ का टाइटल: सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की याचिका, कहा- ये मामला ‘घूसखोर पंडत’ से अलग है

सुप्रीम कोर्ट ने ‘यादवजी की लव-स्टोरी’ फिल्म का टाइटल बदलने को लेकर दी गई अर्जी को खारिज कर दिया है। कोर्ट का कहना है कि इससे यादव समुदाय की छवि खराब नहीं होती है और ये मामला घुसखोर पंडत से अलग है।

यादव समुदाय द्वारा दायर की गई याचिका पर सुनवाई करते हुए जस्टिस बीवी नागरत्ना और जस्टिस उज्जव भुइयाँ की खंडपीठ ने कहा कि किसी फिल्म का टाइटल मात्र सिर्फ इसलिए असंवैधानिक नहीं ठहराया जा सकता कि उससे किसी समुदाय की छवि खराब होने की आशंका जताई जाए।

खंडपीठ ने कहा कि उन्होंने रिकॉर्ड में मौजूद दस्तावेजों को देख लिया है और टाइटल बदलना जरूरी नहीं है। कोर्ट का कहना है कि फिल्म के टाइटल से कैसे किसी समुदाय विशेष की छवि खराब हो रही है, वह नहीं समझ पाए। इसलिए ये आरोप निराधार है कि टाइटल से समुदाय विशेष की छवि खराब हो रही है।

खंडपीठ ने ‘घुसखोर पंडत’ का मामला का जिक्र करते हुए कहा कि इसका टाइटल ‘नकारात्मक’ है, जबकि ‘यादवजी की लव स्टोरी’ में कोई नकारात्मकता नहीं है। फिल्म 27 फरवरी को बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने वाली है। ‘यादवजी की लव स्टोरी’ में प्रगति तिवारी, विशाल मोहन, अंकित बढ़ाना और सुखविंदर विक्की लीड रोल में हैं। फिल्म के टाइटल को लेकर यादव समुदाय ने कड़ा एतराज जताते हुए धरना प्रदर्शन किया था।