‘कॉन्ग्रेस राज में घरों पर तिरंगा फहराने के लिए करना पड़ता था संघर्ष, PM मोदी ने दिलाया हक’: UP में ‘तिरंगा यात्रा’ की शुरुआत कर बोले CM योगी, गूंजा ‘माँ भारती’ का जयघोष

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार (9 अगस्त 2026) को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया।

स्वतंत्रता दिवस से पहले भाजपा की ओर से शुरू किए गए ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान के तहत निकाली गई इस यात्रा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

हाथों में तिरंगा लेकर निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, पार्टी कार्यकर्ताओं, स्वयंसेवी संगठनों, समाजसेवी संस्थाओं, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय नागरिकों ने भी भाग लिया।

CM योगी बोले- 140 करोड़ भारतीयों को तिरंगा घर पर फहराने की मिली आजादी

तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह अवसर बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि कुछ ही दिनों बाद 15 अगस्त को देश अपना 80वाँ स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का अधिकार दिया है। इसका उद्देश्य तिरंगे के प्रति सम्मान और ‘हर घर तिरंगा’ की भावना को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि झंडा संहिता में बदलाव किए गए, जिससे आम नागरिक अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकें।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले कॉन्ग्रेस के शासनकाल में लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए संघर्ष करना पड़ता था और इस अधिकार के लिए कोर्ट तक जाना पड़ता था। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों को यह स्वतंत्रता दी है कि वे अपने घरों पर देश के गौरव और सम्मान के प्रतीक तिरंगे को फहरा सकें।

मुख्यमंत्री ने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, “हमारा युवा प्रतिभाशाली है, हमारा युवा ऊर्जा का प्रतीक है, हमारा युवा देश की हर चुनौती का सामना करने का सामर्थ्य रखता है और उस सामर्थ्य के प्रतीक इस युवा ऊर्जा को आगे बढ़ने के लिए एक उचित मंच प्राप्त हो, वो अपने परंपरागत पाठ्यक्रम के साथ-साथ देश और समाज की उन चुनौतियों का सामना करने के लिए भी खुद को तैयार कर सके, इस भाव के साथ इस तिरंगा यात्रा का शुभारंभ आज पूरे देश के अंदर, दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल, भाजपा के द्वारा किया जा रहा है।”

CM आवास से लोकभवन तक पहुँची यात्रा, 15 अगस्त तक होंगे कई कार्यक्रम

मुख्यमंत्री आवास से शुरू हुई तिरंगा यात्रा हजरतगंज स्थित लोकभवन तक जाएगी। यात्रा में शामिल लोगों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर माँ भारती का जयघोष किया और देश के अमर बलिदानियों को नमन करते हुए आगे बढ़े। भाजपा ने चुनावी तैयारियों के बीच प्रदेश में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की है।

अभियान के तहत 10, 11 और 12 अगस्त को उत्तर प्रदेश के सभी मंडलों में तिरंगा यात्राएँ आयोजित की जाएँगी। इसके बाद 13 अगस्त को जिला मुख्यालयों सहित प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर तिरंगा यात्राएँ निकाली जाएँगी। पार्टी की ओर से इन कार्यक्रमों के जरिए लोगों के बीच राष्ट्र प्रेम और देशभक्ति की भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।

14 अगस्त को विभाजन-विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर मौन जुलूस और संगोष्ठियों का आयोजन होगा। वहीं 13 से 15 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों, व्यापारिक संस्थानों और कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।