AI समिट में सुरक्षा घेरा तोड़ घुसे यूथ कॉन्ग्रेस कार्यकर्ता, शर्टलेस होकर PM मोदी के खिलाफ की नारेबाजी: पुलिस ने 4-5 को दबोचा

दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में चल रहे हाई-प्रोफाइल ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ (AI Impact Summit) के दौरान शुक्रवार (20 फरवरी 2026) उस वक्त हड़कंप मच गया, जब इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा घेरा तोड़कर परिसर के भीतर प्रवेश कर लिया। प्रदर्शनकारियों ने एआई समिट में इंडो-यूएस ट्रेड डील के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा।

सुरक्षा घेरा तोड़कर अंदर पहुँचे प्रदर्शनकारी

जिस समय यह विरोध प्रदर्शन हुआ, उस समय समिट में देश-विदेश के कई दिग्गज और प्रतिनिधि मौजूद थे। यूथ कॉन्ग्रेस के कार्यकर्ता अचानक बैनर-पोस्टर लेकर मुख्य हॉल के पास पहुँच गए।

प्रदर्शनकारियों ने ‘PM is Compromised’ के नारे लगाए और आक्रामक नारेबाजी की। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत हरकत में आते हुए प्रदर्शनकारियों को काबू में किया और परिसर से बाहर निकाला। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, फिलहाल चार से पाँच लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस करेगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

दिल्ली पुलिस का कहना है कि वे इस पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह पता लगाया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी पास के जरिए अंदर आए थे या किसी और रास्ते से।

सुरक्षा में हुई इस चूक को गंभीरता से लिया जा रहा है क्योंकि कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के डेलीगेट्स शामिल हैं। पुलिस ने साफ किया है कि आरोपितों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएँगे ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

समिट की अहमियत और वैश्विक भागीदारी

आपको बता दें कि ‘एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ ग्लोबल साउथ में भारत द्वारा आयोजित पहला वैश्विक एआई शिखर सम्मेलन है। इसमें 20 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, 60 मंत्री और 500 से ज्यादा वैश्विक एआई विशेषज्ञ शामिल हुए हैं।

यह आयोजन ‘इंडिया एआई मिशन’ और ‘डिजिटल इंडिया’ पहल के तहत वैश्विक तकनीक संवाद को विकास में बदलने का एक बड़ा प्रयास है। ऐसे महत्वपूर्ण आयोजन के दौरान हुए इस हंगामे ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा दिए हैं।