बिग बॉस से सुर्खियों में आए यूट्यूबर एल्विश यादव एक बार फिर मुसीबत में फँस गए हैं। उन्हें लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर दो दिन में 10 करोड़ रुपए देने को कहा गया है और नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई है।
बताया जा रहा है कि विदेशी नंबर से उन्हें और उनके पिता को धमकी भरे मैसेज आए हैं। इसमें दो दिन के भीतर रकम नहीं देने पर गोली मार देने की बात कही गई है। इस मामले में गुरुग्राम की सेक्टर 56 थाना पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया है और मामले की जाँच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, एल्विश यादव ने पुलिस को बताया है कि 5 मई को विदेशी नंबर से उनके पास व्हाट्स एप कॉल आई थी, लेकिन वह उसे रिसीव नहीं कर सके। लेकिन कुछ देर बार उसी नंबर से व्हाट्स एप मैसेज उन्हें मिला। भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का रणदीप मलिक बताया। उसने दो दिन के भीतर 10 करोड़ रुपए देने को कहा और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। एल्विश के पिता को भी ऐसे ही मैसेज भेजे गए।
अगस्त 2025 में एल्विश यादव के घर के बाहर करीब दो दर्जन राउंड फायरिंग की घटना हुई थी। इसको लेकर भी केस दर्ज किया गया था। घटना की जिम्मेदारी विदेशी गैंग भाऊ ने ली थी। घटना से पहले 2023 में एल्विश एक रेव पार्टी में साँपों के जहर बेचने को लेकर सुर्खियों में आए थे। इस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमकर फटकार भी लगाई थी। यह मामला अभी भी कोर्ट में चल रहा है। वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट के तहत इसकी जाँच की जा रही है। उन्होंने बिग बॉस में भी सुर्खियाँ बटोरी थी।

