चाकुओं से गोदते रहे जीशान-गुलफाम, छटपटाता रहा सलीम: Ex मुस्लिम पर हमले का भयावह Video आया सामने

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में यूट्यूबर और एक्स मुस्लिम सलीम वास्तिक पर हुए हमले का भयावह वीडियो सामने आया है। दो सगे भाइयों जीशान और गुलफाम ने बीते 27 फरवरी 2026 को सलीम वास्तिक का चाकू से गला रेत दिया था और करीब एक दर्जन बार वार किए थे। सलीम फिलहाल अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।

अब सोशल मीडिया पर इस हमले का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों भाई जीशान और गुलफाम, सलीम वास्तिक के ऑफिस में घुसकर उन पर ताबड़तोड़ वार करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में नजर आ रहा है कि दोनों हमलावर हेलमेट पहनकर सलीम के दफ्तर में घुसते हैं। इस दौरान सलीम सोफे पर लेटे हुए थे और दोनों भाई अचानक से सोफे पर लेटे सलीम पर चाकू निकालकर वार करने लगते हैं।

इस हमले से सलीम वास्तिक हक्के-बक्के रह जाते हैं और अपनी जान बचाने के लिए हमलावरों से बचने, उनके हाथ को पकड़ने और चाकू छीनने की कोशिश करते हैं। कुछ देर तक जूझने के बाद सलीम को हमलावर जमीन पर गिरा देते हैं और लगातार उन पर चाकू से वार करते रहते हैं। इस बीच एक हमलावर पास में रखी स्टूलनुमा चीज को उठाकर सलीम को दे मारता है। वीडियो में सलीम अपनी जान बचाने के लिए छटपटाते नजर आ रहे हैं।

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश पुलिस ने सलीम वास्तिक के दोनों हमलावरों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इस घटना का संज्ञान लिया था जिसके बाद पुलिस ने हमलावरों को पकड़ने की कार्रवाई तेज की और भागते समय एनकाउंटर में दोनों भाई मारे गए।